हर विदाई अंत नहीं होती,
जीवन में नए रंग भरती है
सुख-दुःख के हर मोड़ पर,
विदाई एक नई स्वीकृति बनती है…
मन के मेल से संवादों का जुड़ना,
अपनों-परायों के बीच भेद का उभरना,
समय के साथ सच का सामने आना,
विदाई का मौन बनकर यूँ ही संग रह जाना…
जीवन के हर मोड़ पर दिखती है,
कभी मिलना, तो कभी बिछड़ना
बचपन से लेकर बुढ़ापे तक,
कितना कुछ है पाना और कितना कुछ खोना…
शुरुआत से लेकर अब तक का जीवन,
हर नए पथ पर आगे बढ़ना।
जो नियति में नहीं लिखा था,
उसे स्वीकार कर आगे बढ़ना…
कुछ रिश्ते अधूरे रह जाते हैं,
कुछ सपने बिन पूरे सो जाते हैं
हर अंत में एक प्रश्न नहीं होता,
कुछ मौन भी नए अर्थ दे जाते हैं…
जो नियति में न मिला, उसे जाने देना,
बीते हुए कल को दिल में रहने देना,
हर बिछड़ना जीवन का अंत नहीं,
कभी-कभी ख़ुद से मिलने का नाम भी है विदाई…
कि हर विदाई अंत नहीं होती…!!
-नंदिता तनूजा
लखनऊ
