क्या कहानी लिखूँ

देह के गीत गाते रहे उम्र भर,
मन सहज सब व्यथा पीर
सहता रहा।

बालपन सुख, जवानी रहीं उलझने,
अंत में तन व्यथा सह रहा हार की।
क्या कहूँ आदि की मैं प्रभाती कहो,
क्या कहानी लिखूँ जीव के सार की।
पीर तन की सभी,बोझ जीवन सभी,
मन बिचारा उठाकर
घिसटता रहा।
**
जग जकड़ता रहा चक्र से जाल में,
कामना में बँधा तन उलझता रहा।
देह को सत्य माना सँवरते रहे,
अनमना संग में मन मुकरता रहा।
देह की ही रही, याद पहचान बस,
मन कहीं मौन गुपचुप
बिसरता रहा।
**
मन भले बन्धनों में बँधा हो नहीं,
हर समय साथ पिंजर के चलता रहा।
तन समय-सलवटों में सिमटता रहा,
मन किनारे किनारे ठिठकता रहा।
तन जला है युगों से,धुआँ बन मिटा,
मन विवश हो सदा ही
सिसकता रहा।

-सीमाहरि शर्मा ( गीत अँजुरी से)

एक उत्तर छोड़ें

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।
संपर्क करें
antrashabdshakti @gmail.com
Call- 9009423393
WhatsApp-9009465259
antrashabtshakti.com

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee