राह में कांटे बिछा दे, देख फिर तू हौसला,
तोड़ चाहें घर गिरा दे, देख फिर तू हौसला||
आंधियों से, बारिशों से डर नहीं लगता हमें,
खूब तूफां छत उड़ा दे, देख फिर तू हौसला।
डूबती कश्ती किनारे पर लगानी सीख ली,
छेद कश्ती में बना दे, देख फिर तू हौसला।
मंजिलों को ढूंढना है रोशनी चाहे न हो,
राह के दीपक बुझा दे, देख फिर तू हौसला।
भूमि हो बंजर यदि, तो भी उगा देंगे तरू,
फावड़ा, खुर्पी दिला दे, देख फिर तू हौसला।
-शालिनी शर्मा
