सुनो
आज मन बहुत थका सा है,
दौड़ते दौड़ते जाने कब सुबह शाम गुज़रती जाती है
और हम सुकून के लिए तरसते रहते हैं,
तन को आराम मिल जाता है,
पर मन?
मन को भी चैन चाहिए
जो घर में ही सम्भव है,
मन को भी घर चाहिए?
इस घर में क्या कमी है?
सारी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं!
नहीं समझे ना तुम
जैसे हम अपने घर में आ कर निश्चित हो जाते हैं
तन शिथिल हो आराम करता है
वैसे ही मन को भी घर चाहिए
जहां वो सुकून से आराम करे,
क्यों ना हम मिल कर अपने मन के लिए भी एक घर बनायें!
कैसे?
वो जगह जहां कोई वाद विवाद, तनाव भरी चर्चा ना हो,
हम केवल सुकून के पल बिताएं
वहीं तो मन का घर होगा,
निश्चिंत, बेपरवाह, मन अपने घर में चिंतामुक्त रहेगा,
दोगे ना हमारे मन को एक घर? बोलो?
जैसा तुम चाहो….!
-नमिता दुबे मिशा
