मौन अवश्य है यह,
पर मूक नहीं है,
फर्क बस इतना,
बेवजह नहीं टोकता।
यह वन है, कानन है,
प्रकृति का शांत स्वरूप,
अपनी ही भाषा में कहता,
जीवन के अनगिन रूप।
पत्तों की सरसराहट में,
पवन की धीमी तान,
झरनों की कल-कल में सुनो,
इस कानन की पहचान।
कहीं पक्षियों का कलरव,
कहीं नीरवता का विस्तार,
जहाँ मनुष्य की आवाज़ें थम जाएँ,
वहाँ बोलता प्रकृति का संसार।
वन के भीतर चलते-चलते,
जब मन का शोर भी खो जाता है,
कानन की शांत गोद में,
मन स्वयं से मिल आता है।
कानन के गहरे सन्नाटे में,
कितनी ही कथाएँ जागती हैं,
हर पत्ता, हर डाल यहाँ,
अनकही बातें कहती हैं।
मौन अवश्य है यह,
पर मूक कभी नहीं होता,
जो समझ सके इसकी भाषा,
वन उसे बहुत कुछ है कहता।
-सोनम लड़ीवाला
जयपुर (राजस्थान)
