रीता
पर अपने भीतर
कितना अथाह शून्य समेटे है।
बेटी को दूर
अनजाने शहर में छोड़कर लौटी हूँ,
घर तो वही है,
दीवारें भी वही,
वही खिड़की, वही आँगन,
बस एक चहकती आवाज़
साथ नहीं लौटी।
उसके कमरे में
अब भी किताबें सलीके से रखी हैं,
मेज़ पर कलम है,
तकिए पर उसकी नींद की
कुछ अनकही स्मृतियाँ।
सब कुछ अपनी जगह है,
फिर भी कुछ नहीं है,
जैसे घर की धड़कन,
अचानक धीमी हो गई हो।
सुबह उठती हूँ
तो उसे पुकारने को मन करता है,
शाम ढलती है,
तो दरवाज़े की ओर आँखें चली जाती हैं।
फिर याद आता है,
वह तो बहुत दूर है,
अपने सपनों की राह पर।
मैंने ही तो
उसके हाथ थामकर कहा था,
‘उड़ बेटी’,
तेरे पंखों को
मेरा आकाश नहीं,
तेरा अपना क्षितिज चाहिए।
कहते समय,
माँ मुस्कुरा रही थी,
पर भीतर,
ममता चुपचाप रो रही थी।
फोन पर उसकी आवाज़ सुनकर
मन को थोड़ी साँस मिलती है।
माँ, मैं ठीक हूँ।
इन चार शब्दों में
जाने मन कितना ,
सुकून पा लेता है।
फिर फोन कटते ही,
कमरे में चुप्पी उतरती है,
और महसूस होता है,
दूरी केवल रास्तों की नहीं,
कभी-कभी
माँ के भीतर भी उतर जाती है।
आज मेरे लिए सचमुच ये शब्द सटीक लग रहा है,
क्योंकि अपने ही घर में मैं,
अपने एक हिस्से को खोज रही हूं।
फिर भी यह खालीपन
निराशा नहीं है,
इसमें मेरी बेटी के उड़ान का गर्व है,
उसकी सफलता की प्रतीक्षा है,
और हर पल
उसके लौटने की एक उजली आस है।
-रीति झा
