मौन ही प्रखर संवाद बने तो,
क्यों शब्दों की माला हो;
हाँ यह स्वीकार मुझे है,
नयन प्रेम के हाला हो;
जितनी दूरी सही जीवन में,
उतना तुझसे प्यार हुआ;
जीवन ही वह जीवन क्या,
जब जीवन “रीता प्याला” हो।
(वर्ष 2015 में सृजित इन्हीं प्राथमिक पंक्तियों के माध्यम से उभरे मन के भावों ने मुझे “रीता प्याला” को केंद्र में रखकर “श्रृंगार श्रृंखला” तैयार करने हेतु प्रेरित किया और वर्ष 2019 तक इसने मूर्तरूप ले लिया। तो क्यों न फिर अपनी पुस्तक “रीता प्याला” के कुछ छंद इस पटल पर आज आ जाएं? )
हो मादकता फिर होश कहाँ,
मदहोशी में उभरा जोश यहाँ;
बेकाबू तन, वसन,औ’ केश,
भाव आमंत्रण रहे न शेष;
चूम ही ली जब नीली आँखें,
भूल गए हैं पेग पटियाला;
तृप्त हुआ है “रीता प्याला”।
चमक उठे आँखों में सपने,
ख्वाब मचल उठे हैं अपने;
अब तलाश हो गई है पूरी,
ख्वाहिश कैसे रहे अधूरी;
आँचल ढलना संजोग नहीं,
तन बेकाबू मन मतवाला;
तृप्त हुआ है “रीता प्याला”।
आज जब तू पाषाण हो गई,
कहानी तेरी आसान हो गई;
परस्पर घाव पढ़े जब मन के,
अश्रु अभिषेक हुए हैं तन के;
इन्हीं खारबिन्दुओं ने हमको,
रिश्तों की मधुरता में ढाला;
तृप्त हुआ है “रीता प्याला”।
किस अदा से मारा तुमने,
तनिक नहीं विचारा तुमने;
लिए चक्रवात-सा बाहुपाश,
आनंद शिखर का है विश्वास;
गगन -धरा के बीच ये तुमने,
अलौकिक देह हिंडोला डाला;
तृप्त हुआ है रीता प्याला ।
‘शीत लहर में तपन ये कैसी,
चुभन ये कैसी अगन ये कैसी;
बड़े जतन से जिया है जीवन,
स्पर्श हुआ तो थिरका संयम;
बंध वसन के शिथिल हो गए,
ना बच पाई सुदर्शन बाला;
तृप्त हुआ है “रीता प्याला”।
-प्रदीप कुमार अरोरा
