मुड़ा तुड़ा एक मटमैला सा कागज़ जो कई फोल्ड मे था दादा जी के बही खाता के बंडल में मिला। दादाजी को गुज़रे दस वर्ष से ऊपर हो गया था। फौरी तौर पर उस समय भी बंडल खोला गया था पर काम की चीजें नहीं मिली तो जस का तस रख दिया गया।
इस बार जब छुट्टी में आया तो दादा जी की आलमारी खोल बैठ गया। बचपन से दादा जी की आलमारी कौतूहल का विषय रहा था। बंडल खोला तो यह कागज़ ऊपर हीं रखा था।
सावधानी से परत दर परत खोला। वृक्ष तो नहीं बना था पर वंशावली जैसा लिखा था।
मेरे पिताजी के दादा ने लिखा था। हिंदी के अक्षर आज़ की तरह नहीं थे। अजीब सी लिखावट थी। पिताजी से लेकर पहले आठ पीढ़ियों का नाम था। पर आश्चर्य कि ताऊजी और पिता जी के पहले तक हर पीढ़ी में एक एक नाम था। कुछ एक नाम अभी भी मुझे याद है। समझने वाली बात थी कि एक हीं पुत्र का रिवाज रहा था। यह भी समझदारी वाली बात थी मेरे पूर्वजों में। यही वजह है कि आज़ भी जमीनें पर्याप्त हैं। पर लड़कियों का कोई जिक्र वंशावली में नहीं था। समाज चार सौ साल पूर्व भी लड़कियों और स्त्रियों का आंकलन नहीं करता था।
-श्रीधर पांडेय कृष्णार्थ
