जब बीमारी ने स्नेहा के जीवन में प्रवेश किया, तो लगा जैसे सब कुछ बिखर गया हो। शरीर दिन-प्रतिदिन कमजोर होता गया, अनेक जाँचें, दवाइयाँ और अनिश्चितताओं ने मन को भी घेर लिया। कई बार लगा कि अब शायद पहले जैसा जीवन कभी नहीं लौटेगा।
लेकिन एक दिन स्नेहा के मन ने ही मन से कहा—”यदि साँसें चल रही हैं, तो आशा भी जीवित है।”
बस, उसी दिन से उसने हार नहीं, हौसले को चुना। योग को दिनचर्या बनाया, लेखनी को अपनी साथी और अध्यात्म एवं ईश्वर पर विश्वास को संबल। धीरे-धीरे शरीर ने भी साथ देना शुरू कर दिया।
जीवन ने स्नेहा को सिखाया कि परिस्थितियाँ कभी हमारी पहचान नहीं बनतीं; उन्हें पार करने का साहस ही हमारा परिचय बनता है।
आज वह जहाँ खड़ी है, वहाँ पहुँचाने वाला केवल उपचार ही नहीं, उसका आत्मबल भी है। उसने जाना कि जीवन की सबसे कठिन लड़ाइयाँ शरीर नहीं, मन जीतता है।
स्नेहा आज भी संघर्षों से मुक्त नहीं है, पर अब उसे अपने आत्मबल पर पूर्ण विश्वास है।
आत्मबल वही दीप है, जो सबसे घने अँधेरे में भी बुझता नहीं |
-डॉ संगीता बिंदल
