जब सूर्य उदय हो जाता है
सब ओर प्रकाश फैल जाता
अज्ञान तिमिर के हटने पर
हृदय कमल खिल जाता है।
मन के राग द्वेष दूर हो जाते
भेद बुद्धि अब नहीं सताती
सब अपने नहीं कोई पराया
सब अंतर तम मिट जाता है।
चाहे सुख की भोर खिली हो
या दुख का घोर अंधेरा हो
पतझड़ मेंं जो न मुरझाए
वह फूल सदा मुस्काता है।
यह दुनिया बड़ी निराली है
दिखती लाल , भीतर काली
अपनों से धोखा खाने पर
मन ही मन को समझाता है।
जो भीतर खिले वही असली
फूल, बाहर कांटों का घेरा हो
चाहे छाया घोर अंधेरा हो।
पर दिल कभी न घबराता है।
-चंद्रकांता अग्रवाल
