वो झाँक रही थी घर के झरोखे से बाहर,
जो बनाए गए थे घर की दीवारों में।
वो देख रही थी एक लड़की को स्कूल जाते हुए,
हाथ में कॉपी, पेन और किताबें लिए।
वो थाप रही थी गोबर घर की दीवारों पर,
उन्हें और सुनहरा बनाने के लिए।
एक झोंका-सा विचारों का आया उसके मन के किसी कोने में…
काश…
काश बाबा मुझे भी जाने देते किताबें लिए,
काश मां ज़िद मान लेती—
कि पहले फेरे नहीं, पहले किताबें लूंगी।
काश दादी भी थोड़ा-सा सहारा दे देती,
अरे, छोटी है बिटिया अभी—बस इतना कह देती।
तभी याद आया—
अभी तो आधी दीवार थापनी बाकी है,
दिनभर की रसोई भी तो करनी है।
अभी तो आँगन का झाड़ू भी अधूरा है,
और अधूरे कुछ सपने हैं।
फिर याद आया—
पालने में सोई बिटिया की नींद अभी अधूरी है,
और हाँ, अधूरे सपनों को पूरा करना भी अभी बाकी है।
एक नज़र भर बेटी को देख मुसकाई वो,
फिर झरोखे से निहारा—
दूर कहीं स्कूल जाती अपनी बिटिया को,
हाथ में कॉपी, पेन और किताबें लिए।
-जयश्री पालीवाल
