आज हर तरफ दिखावा है।
कपड़े ब्रांडेड, बातें बड़ी-बड़ी, मुस्कान कैमरे वाली। इंस्टाग्राम की रील 30 सेकंड की, पर उसके पीछे 3 घंटे की मेहनत और कर्ज छुपा है। हम जी कम रहे हैं, दिखा ज्यादा रहे हैं।
इस शोर में सच्चाई कहीं कोने में दुबक कर बैठ गई है। सच्चा अपनापन, सच्ची मेहनत, सच्चा दर्द… इनकी कीमत अब “वायरल” नहीं होती। यहाँ आँसू भी तभी बिकते हैं जब उनके साथ बैकग्राउंड म्यूजिक हो।
पर सच्चाई मरी नहीं है।
वो उस किसान के पसीने में है जिसका फोटो कोई नहीं खींचता।
वो उस माँ के निवाले में है जो खुद भूखी रहकर खिलाती है।
वो उस दोस्ती में है जो बिना “बर्थडे पोस्ट” के भी निभती है।
दिखावे के दौर में सच्चाई की तलाश का मतलब है – पहले खुद सच होना। अपना फोन नीचे रखकर अपने घर की छत को देखना। अपने घावों को फिल्टर से नहीं, हिम्मत से भरना।
दिखावा हमें भीड़ देता है, सच्चाई हमें अपने देते है।
और आखिर में काम भी अपने ही आते हैं, भीड़ नहीं।
इसलिए इस नकली दुनिया में थोड़े असली रहिए।
क्योंकि जो दिखता है वो बिकता है,
पर जो होता है… वही टिकता है।
-आनंद पाण्डेय “केवल”
