1-‘
नवरात्रि पर्व आया ,चँहुओर हर्ष छाया,
जाग उठी योग माया, धरा पर आती है।
ढोल नगाड़ा बजाते ,बंदनवार सजाते ,
जसगीत सब गाते , जले दीप बाती है।
श्रद्धा भाव मन भरे , नवरात्र व्रत करे
शक्ति की पूजा करते, सनातनी थाती है ।
आशीष भंडार भरे ,ममता की धार धरे ,
मैया आस पूर्ण करे , सब दुलराती है ।।
2-
शेर पर सवार है ,हाथ में तलवार है
ममता भंडार भरे, जग जननी आई।
सोलह श्रृंगार करे ,योगमाया मन हरे,
नव- नव रूप धरे ,शुभ करनी आई।
रक्तिम- रक्तिम नैन ,मधुर-मधुर बैन ,आशीष आँचल लिए , संकट हरनी आई।
जगमग जोत जले , शक्ति की पूजन चले,
अधर मुस्कान लिए, माता धरनी आई।
-सुधा शर्मा
राजिम (छत्तीसगढ)
