तन को सुकून चाहिए था,
तुमने जी-जान लगाकर घर बनाया,
मन के सुकून को भूलकर,
घर बनाने में आधा जीवन बिताया।
घर बनकर अब तैयार है,
हर कोना भी सँवर गया,
सबकी जरूरतें पूरी करते,
मन जाने कहाँ ठहर गया?
सबके लिए जी लिए उम्रभर,
ख़ुद के लिए भी कुछ पहर चाहिए,
रिश्तों में अपनत्व की गर्माहट,
मन को भी ऐसा घर चाहिए।
बरसों से जो सुनता आया,
अपनी कहने की बारी न आई,
उसकी चुप्पी को समझे कोई,
बस इतनी-सी आस लगाई।
न शिकायत है, न कोई गिला,
बस भावों को स्वीकृति चाहिए,
तन को तो छत मिल गई,
मन को भी अपना घर चाहिए।
-सोनम लड़ीवाला
जयपुर (राजस्थान)
