बूढ़े दादाजी ने आँगन में एक पुराना बड़ का पेड़ दिखाते हुए पोते से कहा —
“ये हमारा वंश वृक्ष है।”
पोता हँसा, “दादाजी, ये तो बस एक पेड़ है। वंश वृक्ष तो वो होता है जो स्कूल में बनाते हैं, नामों वाला चार्ट।”
दादाजी ने एक लंबी साँस ली। शाम को उन्होंने पोते को एक पुरानी संदूक से एक फटी हुई कॉपी निकाली। उसमें एक पेड़ बना था।
नीचे जड़ में लिखा था – हरिराम – मेरा बाबा, जो हल चलाता था।
उसकी शाखा पर – मेरा पिता, जो पहली बार शहर जाकर मास्टर बना।
फिर – मैं, जिसने पहला पक्का घर बनाया।
फिर – तेरे पापा, जिसने विदेश जाकर नौकरी की।
और सबसे ऊपर एक छोटी कोंपल – तू।
पोता बोला, “इसमें तो सबके नाम हैं।”
दादाजी बोले, “नाम नहीं, संघर्ष हैं। हर नाम एक जड़ है जो सड़ी नहीं, इसीलिए तू कोंपल बन कर हरा-भरा है।”
अगले दिन पोते ने स्कूल का प्रोजेक्ट बनाया – “My Family Tree”। उसने इंटरनेट से नहीं, दादाजी की कॉपी से नाम लिखे।
टीचर ने पूछा, “ये इतना सुंदर कैसे बनाया?”
पोते ने कहा, “मैडम, ये पेड़ कागज़ पर नहीं, मेरे दादाजी के दिल में उगा है। और इसकी जड़ें बहुत गहरी हैं।”
-मंजू सरावगी मंजरी
रायपुर (छत्तीसगढ़)
