दिलसोजी की कोई तो वजह चाहिए,
दाता है वह-
उसे जमीन बेहतर चाहिए।
वो नहीं माना कि –
तंगदिल ही संगदिल होता है,
सॉंस जब रुकने लगे तो –
शरीर को बिजली का झटका चाहिए।
भावना की कद्र की तो –
बात भी न कीजिए,
वो सुनेगा, तो कहेगा –
शादोआबाद होने दीजिए।
दिल की बातों में –
उसे दिखता है दलदल,
इसे पत्थरों से पाट डालो –
यहॉं अट्टालिका चाहिए।
ख्वाब सजते हैं उसके –
बाहर की दुनिया को देखकर,
कौन कहे उससे कि –
अपनों की भी खातिर इक नज़र तो चाहिए।
-अरुण कुमार झा ‘विनोद’
बेंगलुरु
