1.
मिट्टी हो रहे हैं
समय के साथ।
भूल जाना तो नियति है,
पर याद रखना,
अंकुर फूटेंगे फिर कभी।
बस मन को नम रखना,
ताकि सहेजे हुए पल
फिर खिलखिला पड़ें
तुम्हारे होंठों पर।
2.
दस्तक समय की
बताने को आतुर है कि
चूक चुके हो तुम।
याद रखना,
समय
किसी को
हमेशा अपना नहीं रहने देता।
3.
ज़िंदगी की धूप-छाँव में
कुछ तो हरियाली होगी ही।
बहती जा रही
समय की इस नदी में,
प्रेम के कुछ द्वीप
तो होंगे ही।
4.
हथेली पर पगडंडी-सी रेखाएँ
और घड़ी की सुइयाँ
बदस्तूर
बढ़ती चली जा रही हैं।
बदलते समय के साथ
बदलेगी ज़िंदगी।
उम्मीद थामे
निहार रहा हूँ।
5.
समय,
तेरी लकीरें
क्यों ख़ारिज कर देती हैं
मुझे
हर बार?
6.
असहमतियाँ
नहीं होतीं
हर समय
सहमति का विपरीत।
असहमति
कई बार
बस यह जताने के लिए भी होती है
कि अहमियत
महसूस हो सके।
-मुकेश कुमार सिन्हा
