“आज वो स्कूल में सम्मानित किया गया!”
मानसी को विश्वास ही नहीं हो रहा था कि घर में डरा-सहमा रहने वाला उसका बच्चा पूरे स्कूल में अपनी बहादुरी के लिए सम्मानित हुआ है।
शादी के वर्षों बाद बड़ी मन्नतों से राघव मानसी की गोद में आया था। दादा-दादी, चाचा-चाची, सभी की आँखों का तारा। फूलों में पला बच्चा था मानो। उसके कहने से पहले ही उसकी हर ख्वाहिश पूरी हो जाती। कोई भी काम होता तो, “अरे, मैं कर देता हूँ, तू परेशान मत हो,” कहकर कोई न कोई उसे सँभाल लेता।
ऐसे में राघव को कभी अपने छोटे-छोटे काम भी स्वयं करने की जरूरत नहीं पड़ी थी। स्कूल के शिक्षक भी उसके इस स्वभाव से परिचित थे।
एक दिन स्कूल से लौटते समय उसने सड़क किनारे एक दुर्घटनाग्रस्त बुजुर्ग को देखा। आसपास लोगों की भीड़ थी, मगर हर कोई असमंजस में खड़ा था।
राघव ने एक पल भी गँवाए बिना पास खड़े एक व्यक्ति से आपातकालीन सहायता के लिए फोन करवाया। उसने दूसरे लोगों से भी मदद माँगी और किसी को यातायात सँभालने, तो किसी को बुजुर्ग के परिजनों को सूचना देने के लिए कहा। सहायता पहुँचने तक वह वहीं रुका रहा।
उसकी तत्परता देखकर दूसरे लोग भी सक्रिय हो गए। समय पर मदद मिलने से बुजुर्ग को अस्पताल पहुँचाया जा सका।
स्कूल में जब इस घटना का पता चला, तो सभी आश्चर्यचकित थे। जिस बच्चे को कभी किसी काम की जिम्मेदारी नहीं मिली, उसने संकट की घड़ी में इतनी तत्परता और समझदारी से निर्णय कैसे ले लिया? उसके इस सराहनीय कार्य के लिए उसे स्कूल में सम्मानित किया गया।
घर लौटने पर मानसी ने राघव को अपने पास बैठाकर पूछा, “बेटा, उस समय तुम्हें डर नहीं लगा? तुमने इतना सब कैसे कर लिया?”
राघव कुछ पल सोचता रहा, फिर सहजता से बोला, “माँ, डर तो लगा था। वहाँ सब लोग खड़े थे, लेकिन कोई कुछ कर नहीं रहा था। मुझे लगा, किसी को तो मदद करनी चाहिए। मैंने एक अंकल से फोन करवाया, फिर दूसरे लोगों से मदद माँगी। माँ, इतना तो मैं कर ही सकता था न? इसमें इतना सोचने वाली क्या बात है?”
उसके चेहरे पर न कोई गर्व था, न अपनी बहादुरी का अहसास। वह तो मानो यही सोच रहा था कि इसमें ऐसी कौन-सी बड़ी बात हो गई।
मानसी उसे निहारती रह गई। जिस बच्चे को वह अब तक हर छोटी-बड़ी परेशानी से बचाकर रखती आई थी, उसने आज बिना किसी के सिखाए, परिस्थिति के अनुरूप निर्णय लिया था।
आज उसे एहसास हुआ कि किसी काम को करने का अवसर न मिलना और उसे करने की क्षमता न होना, दोनों अलग-अलग बातें हैं। राघव के भीतर भी निर्णय लेने और जिम्मेदारी निभाने की क्षमता थी, जिसे परिस्थितियों ने पहली बार सामने ला दिया था।
वह कोई चमत्कार नहीं, बल्कि उसके भीतर छिपी आत्मशक्ति थी, जिसका उसे स्वयं भी आभास नहीं था। आवश्यकता पड़ी, तो वही शक्ति उसे सही समय पर सही कदम उठाने की प्रेरणा दे गई।
-सोनम लड़ीवाला
जयपुर (राजस्थान)
