आओ चटनी बनाए
पुराने पड़ गये सिलबट्टे का मान बढ़ाये,
खाने का स्वाद बढ़ेगा,
सिल बट्टा जब चलेगा,
मौसम कच्चे आम का है,
उसमें लाल मिर्च मिलायें,
लहसुन अदरक नारियल डालकर सुस्वाद बनाये,
थोडा सा मीठा भी डाल दें, जीवन में मिठास भी जरूरी है
स्नेह की सिल पर रिश्तों के मसाले संग खूब पीसे,
उलाहने, तंज की कड़वाहट दूर रखें,
नमक प्यार का स्वादानुसार जरूर मिलायें,
जरा तेज हाथ चलायें,
तीखी मीठी खट्टी चटनी से सबको खुश कर दें,
ज़ायका चटनी का,
मेहनत हमारी,
मौन पिस जाती है
परिवार को बांधने वाली नारी।
-नमिता दुबे मिशा
