शहर तेजी से बदल रहा था।जहाँ कभी बच्चे गिल्ली-डंडा खेलते थे, वहाँ अब ऊँची-ऊँची इमारतें खड़ी थीं। पुराने घर टूट रहे थे और उनकी जगह नए मकान बन रहे थे।
लेकिन मोहल्ले के बीच एक छोटा-सा जमीन का टुकड़ा अब भी खाली था।बच्चों के लिए वही उनका मैदान था।
सुबह क्रिकेट, शाम को पकड़म-पकड़ाई। छुट्टी के दिन तो वहाँ खूब चहल-पहल रहती।एक दिन जमीन के चारों ओर लोहे की चादरें लगा दी गईं।
“यहाँ भी बिल्डिंग बनेगी,” चौकीदार ने बताया।
बच्चों के चेहरे उतर गए।
मोहल्ले के कुछ लोग जमीन के मालिक के पास पहुँचे।
“बच्चों के खेलने की जगह मत छीनिए। पहले ही शहर में ऐसी जगहें कहाँ बची हैं?”
मालिक ने सबकी बात सुनी और चुपचाप अपनी जेब से एक कागज निकाला।
“मैंने यह जमीन बेचने के लिए नहीं छोड़ी थी।”
सब हैरान होकर उसकी ओर देखने लगे।
उसने कागज आगे बढ़ाया।
वह उसके पिता की वसीयत थी।
उसमें लिखा था—
“जब मेरे आसपास हर खाली जगह मकानों में बदल जाए, तब इस छोटे से टुकड़े को बच्चों के लिए बचाए रखना।
मकान बड़े होते हैं, पर बचपन के लिए जगह छोटी पड़ जाती है।”
मालिक की आँखें नम थीं।
उसने मजदूरों से लोहे की चादरें हटाने को कहा।
अगली सुबह बच्चे फिर मैदान में थे।
एक बच्चा दौड़ते हुए बोला—
“देखो! हमारी जगह वापस आ गई।”
मालिक दूर खड़ा मुस्कुरा रहा था।
उसे लगा, उसने जमीन का टुकड़ा नहीं बचाया—
उसने शहर में बचा हुआ थोड़ा-सा बचपन भी बचा लिया था।
-सोनम लड़ीवाला
जयपुर (राजस्थान)
