“आहा! कैसे किया मैंने ये सब?
ये मैं ही थी ना?”
अपने आप से लड़ती याशु अपनी विगत कुछ परिस्थितियों पर गहराई से विचार मग्न थी।
तभी तिनेश की आवाज ने उसे अतीत के गहरे काले सागर से बाहर खींच लिया।
“मैडम बंदा चाय नाश्ता ले कर हाजिर है”
तिनेश कह कर याशु उसके कंधे पर सर रख फूट फूटकर रोने लगी।
तिनेश ने भी उसे रोका नहीं बल्कि उसके मन में भरे दावानल को पिघल कर बह जाने दिया।बस वो धीरे धीरे याशु की पीठ पर हाथ फेरता रहा।
काफी देर रोने के बाद याशु कुछ सामान्य हो गई।
वो उठ कर मुंह धोने गई।तब तक तिनेश ने ठंडे हो चुके चाय और सेंडविच दुबारा गर्म कर लिये।
चाय के साथ अपने मनपसंद पनीर सेंडविच देख याशु उन्हें ऐसे खाने लगी जैसे वर्षों की भूखी हो।
हां भूखी ही तो थी वो, अभी पिछले छह माह से उसने भरपेट खाना खाया भी कहां था।
‘तिनेश अनाथ बच्चा था। अपनी मेहनत के दम पर उसने इंजीनियरिंग में दाखिला लिया और गोल्ड मेडल प्राप्त किया।
वहीं उसकी मुलाकात याशु से हुई जो खिलंदड स्वभाव की मस्तमौला लड़की थी।
माता-पिता की इकलौती संतान पैसा अथाह। आखिर जाने माने बिजनेस मैन थे उसके पिता शंभु। और माँ पुन्या कालेज में लेक्चरर थीं।
घर में नौकर चाकर आगे पीछे घूमते थे।
तिनेश के साथ थोड़ी देर का टाइम पास कब याशु की दिल की गहराईयों में समा गया वो जान ही ना पाई।
जब उसने तिनेश को अपने माता-पिता से मिलवाया तो वहीं समाज के ढर्रे में ढले विचार।
“कहां हम कहां ये अनाथ। ना वंश का पता ना जाति धर्म का।”
पहली बार याशु ने अपने माता-पिता की बंदिशें और कठोर रूप देखा था।
अभी तक तो जो उसने चाहा वो मिलता गया।
तिनेश को याशु से दूर करने के लिए शंभु ने उस कम्पनी में अपने रूतबे से तिनेश को मणीपुर में पोस्टिंग करवा दी।
तिनेश चला गया।
आनन फानन में शंभु ने एक आस्ट्रेलियाई भारतीय लड़के नियव से ज्यादा छानबीन किये बिना याशु का विवाह कर दिया।
वो लड़का ‘गे’ था। याशु समझ गई उसकी जिंदगी बर्बाद हो चुकी है।
नियव के माता-पिता तो उससे पहले ही परेशान थे।
उनका सारा स्नेह तो छोटे बेटे आलय के लिए था।उन्होंने सोचा था शायद विवाह के बाद नियव बदल जायेगा। पर वो और ज्यादा अजीब हो गया।
याशु जब भी विरोध करती तो मार पीट और कमरे में बिजली बंद कर उसमें उसे बंद कर दिया जाता था।
भूखी प्यासी रह कर याशु सूख कर कांटा हो चुकी थी।
एक दिन हद हो गई।नियव अपने पार्टनर को घर ले आया। वो पूरी तरह महिलाओं के गेटअप में था। लहंगा-चोली श्रंगार किये वो पुरूष तो कहीं से भी नहीं लग रहा था।
याशु के सामने ही उन दोनों ने अश्लील और घिनौनी हरकतें शुरू कर दीं।
वे लोग याशु को भी खींच कर अपने क्रियाकलापों में शामिल करने लगे।
याशु भाग कर बाहर आई और सासु मां को पकड़ कर रोने लगी। उसे पूरी उम्मीद थी कि वे महिला होने के नाते उसका समर्थन करेंगी।
पर उम्मीद के विपरित उन्होंने उसे नियव के कमरे की ओर धकेल दिया और कहा ” जा जिसके संग साथ फेरे लिए है उसकी हसरत पूरी कर”।
हतप्रभ खड़ी याशु के अंदर एक चिंगारी जली। यदि आज नहीं तो फिर कभी नहीं।
वो नंगे पैर ही घर से भागी।
पर जाना कहां कुछ पता नहीं।
याशु लगातार दौड़ती गई। जाने कितने दूर दौड़ी होगी। आखिर में बिहोश हो कर गिर पड़ी।
वो तो तिनेश के एक दोस्त ने याशु को पहचान लिया।जो आस्ट्रेलिया, कम्पनी के काम से आया था। वो याशु और तिनेश के जीवन की अधूरी प्रेम कहानी जानता था।
उसने तिनेश को फोन करके याशु के बारे में जानकारी दी। और भारतीय दूतावास से सम्पर्क किया। एक भारतीय अधिकारी के संग जा कर याशु को अस्पताल में भर्ती कराया।
तिनेश ने याशु के माता-पिता को सारी स्थिति से अवगत कराया।और आस्ट्रेलिया आ गया।
उधर याशु के बयान के बाद पुलिस ने नियव को गिरफ्तार कर लिया।
याशु ने कोई आरोप नहीं लगाए थे।केवल सच बताया था।
वहां फास्ट कोर्ट में उनका तलाक हो गया।
याशु का पासपोर्ट जो नियव ने छुपा के रखा था पुलिस के सामने याशु को सौंप दिया।
याशु को ले कर तिनेश मणिपुर आ गया।
कुछ दिन बाद उसने मंदिर में याशु के साथ विधिवत विवाह कर लिया।
याशु के माता-पिता भी उस विवाह में शामिल होने और अपनी ग़लती की क्षमा मांगने , साथ ही अपना आशीर्वाद देने आए थे।
-नमिता दुबे मिशा
