मिल गले या अदब से नमस्कार कर
आदमी, आदमी जैसा क़िरदार कर
दर्द सीने में हो, हर किसी के लिये
अपने दिल को मुहब्बत से गुलजार कर
फर्ज की राह में मुश्किलें हैं बहुत
हर सफर हौसलों का तलबगार कर
खो न जाए ग़रीबी में ईमान भी
अपनी भूखी नज़र को ख़बरदार कर
लिख सदाकत भरा अम्न अशआर में
अब ग़ज़ल को मुहब्बत का अख़बार कर
धूप दामन में भर आँख में रौशनी
अपने हाथों में दिनकर गिरफ़्तार कर
-दिनकर राव दिनकर
