बारिश का पानी
छतरी का साथ
बिन भींगे घर पहुंच जाऊं,
मन में है विश्वास!
तेज हवा छतरी उडाये नन्हीं बूंदें भींगने को ललचायें,
मन कहता है थोड़ा भींग लूं,
पर मम्मी का डर सताये!
वो कड़वा काढ़ा पिलातीं हैं,गर्म तेल की मालिश करतीं,
दूध में हल्दी घोल कर
जबरन मुझे पिलातीं हैं!
मन, मन ना माने, वो तो बूंदों संग मस्ती करना चाहें,
चलो एक बार फिर
मम्मी से डांट खा लूंगा
पर अभी छतरी गीली मिट्टी में फंसा,
मैं तो चला भींगने,
आओ देख क्या रहे हो, तुम भी मेरे संग भींगो,
ये बारिश रोज नहीं होती
नानाना छतरी को वहीं रहने दो,
मिट्टी में लोटपोट करो,
बूंदों का स्पर्श पहचानों,
ना उम्र रहेगी, ना बचपन
जी लो इस पल को
जी भर कर,
बारिश की बूंदें
और हमारा साथ
याद रहेगा उम्र भर
-नमिता दुबे मिशा
