राजू रोजाना एक बरगद के पेड़ के नीचे अपनी सिलाई मशीन लेकर बैठता था। गाँव वालों के कपड़े सिलता था। फटे व उधड़े कपड़ों की मरम्मत का काम भी करता था। एक बार गाँव में भयंकर बाढ़ आई। कई गाँवों को अपने साथ बहाकर ले गई। पशु -पक्षी, खेत- खलिहान, मकान और अनेक अपने उस बाढ़ में बह गये। राजू अपनी सिलाई मशीन को रोजाना बरगद के पेड़ की मोटी सी शाखा पर टाँग देता था। किसी तरह से वह मशीन बाढ़ की चपेट से बच गई । उसके बाकी सब अपने बाढ़ में बह गए। उसके साथ ही बह गए राजू के अरमान।हार गई असकी हिम्मत। थक गया उसका हौंसला। दो दिन ऐसे ही बीते। फिर वह एक नए निश्चय के साथ उठा। पहले भगवान से मौत माँग रहा था लेकिन माँगने से क्या मौत मिल जाती है। फिर दिल के एक कोने से आवाज आई-“उठ राजू। यह जीवन अनमोल है। इसको खोने के लिए सोचना,निराशा में डूबना बिल्कुल भी ठीक नहीं है। जीवन हमेशा जीतने का एक अवसर अवश्य देता है। कितना घना अंधेरा छाया हो, अवसाद की घनीभूत छाया हो… दुख का भार संभाला न जा रहा हो… जीवन की गुत्थी उलझती जा रही हो। सामने निराशाओं का पहाड़ खड़ा हो, सारे ख्वाब टूट गए हों, अपनों का साथ छूट गया हो, काल निरंतर तुम्हारी और बढ़ता आ रहा हो, विचार कुंठित हो गए हों, सारी खुशियाँ नाता तोड़ गई हों, लेकिन तब भी जीवन कहाँ रुकता है? पतझड़ कहाँ टिकता है? सब कुछ झड़ने के बाद भी ऋतुराज बसंत फिर आता है। इसलिए उठ !मौत का चयन मत कर और उन अपनों का ध्यान कर जिनके तू किसी काम आ सकता है।”
“मैं किसी के क्या काम आ सकता हूँ। मेरा सब कुछ लुट चुका है। अब किसके लिए जीना और क्यों जीना? काश मुझे भी मौत आ जाती।”
“मर जाना बड़ा आसान है राजू। वेदना से छुटकारा पाने का यह तरीका ठीक नहीं है। जीवन तो एक संग्राम है। इसमें जहर को अमृत समझकर पीना होगा। औरों की खातिर जीना होगा। तेरे हाथ में हुनर है। तेरे पास मशीन है। तुझे कटी फटी कतरन से वस्त्र बनाने आते हैं। अपना यह हुनर काम में ला। हुनरमंद तो मेहनत से बिगड़ी हुई तकदीर को बदल सकता है। तू अपनी तदबीर से इन किस्मत के मारों की तकदीर बदल। कटे फटे वस्त्रों से उनकी पोशाक बना। बदले में तुझे दो रोटी तो खाने को मिल ही जाएंगी।”
दिल की बात सुनकर राजू के मन में उम्मीद की एक किरण जागी।उसने कहा-“हाँ, तुम ठीक कह रहे हो। अब मैं उधड़ी हुई तुरपन को सिऊँगा। अपने इस हुनर को औरों को भी सिखाऊँगा।”
एक नई आशा और दृढ़संकल्प के साथ अपनी मशीन हाथ में उठा राजू अंधेरे मन मे रोशनी की किरण बनकर चल पड़ा एक नई शुरुआत करने।
-राधा गोयल,
विकासपुरी (दिल्ली)
