कृतिका की हालत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। पूरा परिवार परेशान और दुःखी था। कुछ दिन बुखार था , डाक्टर को दिखाया गया। दवा भी चल रही थी। एकाएक तीन दिन पहले बेहोश हो गई। आनन-फानन में पास के डाक्टर की क्लिनिक में लोग लेकर पहुंचे। पल्स और ब्लड प्रेशर नार्मल था। कुछ मिनट डाक्टर ने मुआयना किया फिर बड़े अस्पताल भेज दिया।
कृतिका के पति के अभिन्न मित्र डाक्टर गुप्ता अस्पताल के मुख्य चिकित्साधिकारी थे इस कारण इलाज तुरंत शुरू हो गया। पर तीन से कोई सुधार नहीं हो रहा था। आज शाम को कुछ टेस्ट की रिपोर्ट आनी थी। आज़ एक और डाक्टर भी डाक्टर गुप्ता के साथ आने वाले थे जो इस तरह के केसेज के विशेषज्ञ थे।
कुछ देर बाद डाक्टर गुप्ता और उनके साथ एक रिटायर्ड डाक्टर झा जो डाक्टर गुप्ता के अभिन्न मित्र थे कृतिका को देखने आए। जाने क्यूं डाक्टर झा को देखते ही उम्मीद की किरण दिखाई दी। सब रिपोर्ट नार्मल थी। दोनों डाक्टर आपस में बात करते चैम्बर में चले गए। तभी वार्ड ब्वाय दौड़ता हुआ कृतिका के वार्ड में आया और जोर से चिल्लाया कि आग लग गई है। सब भागो। तभी कृतिका की आंख खुल गई। एक झटके में वह उठने लगी पर चक्कर खाकर बेड पर गिर गई। पर वह बेहोश नहीं हुई।
दोनों डाक्टर वार्ड ब्वाय के पीछे हीं आ रहे थे।
कृतिका जैसे नींद से जागी हो। अपने पति से उसने पूछा कि वह यहां कैसे आई। उसे क्या हुआ है। जवाब डाक्टर गुप्ता ने हंसकर दिया कि भाभी जी कुछ नहीं हुआ है आपको। एक दिन और आराम करिए यहीं पर कल आप घर चले जाइएगा।
इशारे से कृतिका के पति को चैम्बर में आने का इशारा किया। अभी भी कृतिका के पति को कुछ समझ नहीं आ रहा था।
डाक्टर गुप्ता अपने मित्र की उलझन से वाकिफ थे। डाक्टर झा ने कहा कि गुप्ता जी ने जब आपकी पत्नी की तबीयत के विषय में बताया और एक बार आकर देखने की गुजारिश की। जब डाक्टर गुप्ता ने बताया कि उनके मित्र हैं आप तो मुझे आना हीं था। आपकी पत्नी शैलो कोमा में थी। दिक्कत यह थी कि वह कमजोरी के कारण प्रतिक्रिया नहीं दे पा रही थी।
पर शाक थैरेपी ने अपना काम कर दिया।
डाक्टर झा ने कृतिका की भौंहों में बेहद हल्का कंपन देख लिया था। यह अंधेरे में रौशनी की पहली किरण जैसी थी। डाक्टर झा ने समझ लिया था कि थोड़े से मनोवैज्ञानिक इलाज से कृतिका ठीक हो जाएगी और वहीं हुआ। कृतिका के पूरे परिवार ने राहत की सांस ली।
-श्रीधर पांडेय कृष्णार्थ
