नारी शक्ति स्वरूपिणी, जगजननी विस्तार।
सुर – नर मुनिजन देवता, सब करते जयकार।।
सब करते जयकार,भक्ति जप- तप व्रत – पूजा
ब्रह्मचारिणी -शैल, प्रेरणा पंथ न दूजा।
चंद्रघंटिके मातु,शांभवी शिव की प्यारी।
नित्य साधना कर्म, धारती साध्वी नारी।।
नारी शक्ति महान है, माँ! अखिला संचार।।
दर्शन दिव्य अनूप है, ऊर्जा की भंडार।।
ऊर्जा की भंडार, ज्ञानदा सुख वरदानी।
छल – बल कपट प्रपंच,सर्व कंपित अभिमानी।।
कोमल किंतु कठोर, चंडिका ज्वाल हुँकारी।
दुर्जन – दुष्ट विचार, मारती विजया नारी। ।
-अमिता रवि दुबे
छत्तीसगढ़
