एक दिन ये त्रास

एक दिन ये त्रास, ये-
अभिशाप भी मर जाएँगे!

एक दिन जल जाएँगे ये वेदना के वेद,
और धूं-धूंकर दहेंगे धर्म भी, विज्ञान भी
ज्ञान-दर्शन की तरी में होंगे अनगिन छेद,
ग्रास लेगी फिर इसे अध्यात्म की सूखी नदी।

पुण्य घुट-घुट कर मरेगा,
पाप भी मर जाएँगे।

जब मृदा को भूंज देगी भस्म होती खाद,
खोखले होकर गिरेंगे तब सघन-कानन सभी
मारने वाले बचेंगे मारने के बाद?
मार डालेगी इन्हें भी मरने वालों की कमी।

लाठियाँ मर जायेंगी व
साँप भी मर जाएँगे।

छार में खो जाएगी हर सभ्यता की खोज
अपघटित होगा जगत दूरस्थ अणुओं में कहीं
क्या बचेगा व्यंग्य-गीतों में शरों का ओज?
मुझ सरीखे लोग भी जीवित बचेंगे ही नहीं।

मैं मरूँगा, आप खुश हैं?
आप भी मर जाएँगे!

– आकाश पाठक

एक उत्तर छोड़ें

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।
संपर्क करें
antrashabdshakti @gmail.com
Call- 9009423393
WhatsApp-9009465259
antrashabtshakti.com

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee