कागज़ की नाव हमने बनाई ,
बारिश की बूँदों में मिलकर बहाई।
भैया हँसता, बहना मुस्काती,
छोटी-सी दुनिया खूब सजाती।
माँ ने देखा, पास बुलाया,
प्यार से हमको ये समझाया।
नाव भले ही कागज़ की हो,
सपनों की उड़ान है बड़ी बताया।
जीवन में जब राह कठिन हो,
विश्वास अटल जो सब मुमकिन हो।
भाई-बहन मिल साथ निभाना,
एक-दूजे का मान बढ़ाना।
नाव अगर लहरों में डोले,
हिम्मत रखना, मेरे बच्चों भोले।
मिल-जुलकर हर मुश्किल सहना,
सच की राह पर आगे बढ़ना।
माँ की सीख को मैने अपनाया,
कर्तव्यों को खूब निभाया ।
आज नहीं वो पास मेरे पर,
रखती हूं याद जो उन्होंने सिखाया।
आज भी जब सावन आता है,
बचपन फिर से याद आता है।
भैया-बहना संग मुस्काते ,
कागज़ की नाव फिर तैराते ।
माँ की सीख मिलकर दोहराते,
प्यार बांटने से बढ़ जाते।
सच्चाई की राह पर चलकर
अपने जीवन को सुंदर बनाते।
-रीति झा
