सच कहें तो यह एक ऐसा प्रश्न है, जिसका उत्तर जितनी सच्चाई से दिया जाता है, उतना ही झूठ प्रतीत होता है।
यह मात्र एक फिल्मी पंक्ति नहीं कि मानव जीवन एक ही बार मिलता है, यह सच्चाई है।
मनुष्य का जीवन अनेक संबंधों, जिम्मेदारियों और अपेक्षाओं से जुड़ा हुआ है। माता-पिता की इच्छाओं, परिवार की जरूरतों और समाज की अपेक्षाओं को पूरा करने की सीख हमें बचपन से ही मिलने लगती है। शायद इसलिए, क्योंकि हमारे माता-पिता को भी यही सीख दी गई है। दूसरों की खुशियों का ध्यान रखते-रखते हम कई बार अपनी इच्छाओं और सपनों को पीछे छोड़ देते हैं।
कभी अपनों की खुशी के लिए, तो कभी लोक-लाज के भय से हम अपनी पसंद को दबा देते हैं। धीरे-धीरे दूसरों को प्रसन्न रखने की आदत में स्वयं की इच्छाएँ ही अनसुनी रह जाती हैं।
सच तो यह है कि जीवन केवल जिम्मेदारियाँ निभाने का नाम नहीं, बल्कि अपने अस्तित्व को महसूस करने का अवसर भी है। अपनों के लिए जीना जीवन का सौंदर्य है, किंतु इस यात्रा में स्वयं को खो देना नहीं।
अंततः अपने लिए जीना और अपनों के लिए जीना एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि जीवन के दो आवश्यक पक्ष हैं। जरूरत केवल इतनी है कि दूसरों के जीवन में स्थान बनाते-बनाते हम अपने ही जीवन से बेदखल न हो जाएँ।
-सोनन लड़ीवाला
जयपुर (राजस्थान)
