आज फिर यहाँ कोई कमाल हो जाए,
मैं करूँ प्रार्थना और तू निहाल हो जाए।
पखारे पग रघुकुल जहाँ आज केवट के,
बेमानी है गर’ इसपर कोई सवाल हो जाए।
समरसता जहाँ बरसे हर एक बस्ती में,
माँ भारती का क्यों न ऊँचा भाल हो जाए।
सदियों की महामारी जो नासूर बन उभरी,
हो उपचार यह कालांश स्वर्णकाल हो जाए।
गरल के घूँट जो भर ले विकट जीवन के,
‘प्रदीप’ वही किरदार फिर महाकाल हो जाए।
-प्रदीप कुमार अरोरा
पुणे
