विष का प्याला पल पल पिया,
जाने मैं कैसे जिया?
धड़कने मेरी कर्तव्य बनी,
सांसों पर था जिम्मेदारी का पहरा!
हे मन के आकाश तू ही बता,
किस मोड़ पर होगा नया सवेरा?
आंख खुली तो खुशियां थीं,
मां की लोरी, पिता का आशीष,
हाथ थामे खड़ा था सुख!
पर समय का आघात कुछ ऐसा हुआ,
सर से छत छिन गई,
सूरज की धूप, तेज शीत, बारिश नेह निगल गई!
कोमल काया पत्थर बनी,
अभावों के सर्प कुछ ऐसे लिपटे,
चंदन हालात बन गए!
विष समाज का निगला घूंट घूंट,
सपनों की चादर में पैबंद लगा,
ना ना ना हार नहीं मैंने मानी,
गरल पी भी डटा रहा!
स्वाभिमान को गिरने नहीं दिया,
चाय की टपरी से ढाबे की श्रंखला,
मेरी मेहनत, नियत का है उपहार!
आशीर्वाद मेरे माता-पिता का,
जो साथ नहीं थे मेरे तब,
जब कमजोर मन को उनके साथ की जरूरत थी सबसे ज्यादा
-नमिता दुबे मिशा
