आज विक्रम रिहा होने वाला है । आज से ठीक सात साल पहले लोकायुक्त टीम ने छापा मारकर घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी का सदमा उसके पिता को बर्दाश्त नहीं हुआ था, सो वे चल बसे थे।
कुछ बरस पहले की बात है। ठेठ देहात के खेतिहर मजदूर के बेटे की काबिलियत देख स्कूल के मास्टर साहब के कहने पर माँ-बाप ने पास के शहर में अच्छे स्कूल में दाखिला दिलवा दिया था। विक्रम की पढ़ाई पूरी होते ही कलेक्ट्रेट में अच्छे ओहदे पर नौकरी भी लग गई थी । थोड़े से लालच में सहज सरल विक्रम शहरी दलालों के चंगुल में आ गया । बेतहाशा कमाई क्या प्रारम्भ हुई, अपने माँ-बाप के साथ पेश आने का ढंग ही भूल गया था। आखिरी बार जब गाँव आया था, तब माँ को बोलकर गया था- “बापू को समझा ले, गाँव में कुछ नहीं धरा है, बेच दे जमीन के टुकड़े अब मैं कमाने लगा हूँ। सब तो है मेरे पास, सरकारी बंगला-गाडी, नौकर -चाकर। बात नहीं मानी तो सड़ता रहेगा जिंदगी भर गाँव में, मैं लौट के आने वाला नहीं हूँ ।”
तब बाप ने कहा था “बेटा ये जमीन के टुकड़े नहीं है, ये संस्कार की जड़ें है, तू भूल में न रहना कि हम इन्हें छोड़ देंगे। तब माँ चुप थी।
विक्रम रिहा हुआ । न नौकरी बची, न बंगला-गाडी, नौकर-चाकर। वह गाँव पहुँचा। माँ दरवाजे पर ऐसे खड़ी थी, जैसे वर्षों ऐसे ही इन्तजार में गुजारे हों। माँ आज भी चुप थी। फर्क था तो सिर्फ यही कि आज विक्रम भी मौन ही रहा। और पिता के न होने से वातावरण में भी खामोशी तैर रही थी।
झोंपड़ी की दीवार पर हल्दी से लगे हाथ के पंजे के छापे इस परिवार की बलैयाँ लेते नजर आ रहे थे।
-प्रदीप कुमार अरोरा
पुणे
