सिलबट्टे पर घिसे जब आम की खटाई,
मिर्च-नमक संग मिले माँ की ममता भी भाई।
नारियल-अदरक की खुशबू जब उड़े आँगन में,
लगे स्वाद में बसी है पूरी पुरवाई।
केले के पत्ते पर सजी प्रकृति की थाल,
करी पत्ते, अदरक, लहसुन का कमाल।
बिजली नहीं, बस हाथों का जादू चले तो,
चटनी में उतर आये गाँव का हाल।
मिक्सी ने छीन ली रसोई की कहानी,
सिलबट्टे में थी समय की निशानी।
आज भी जो स्वाद याद आता है,
वो पत्थर पर पिसी चटनी की है जुबानी।
-आनंद पाण्डेय “केवल”
