मानव की दो अभिलाषाएं सदैव जीवन के साथ साथ चलती रही हैं।एक चाहत और दूसरी जरुरत। जरुरत की इच्छा तो सभी को है क्योंकि वह जीवन की दैनंदिन आवश्यकताएं पूरी करने में सहायक है लेकिन चाहत मन की आंतरिक अभिव्यक्ति है जो भावनात्मक अनुभूतियों के साथ जुड़ी है। यदि एक दिन भरपेट भोजन कर परिवार को संतुष्टि देने की बात हो तो दैनिक जरुरतें पूरी करनी आवश्यक हो जाती है।पर यदि सजे सजाये घर में शानदार डायनिंग टेबल पर बैठ विभिन्न पकवानों को सपरिवार खाने की इच्छा कल्पना में हो तो वह चाहत है मन की।इन दो इच्छाओं के चारो ओर ही जिंदगी घूमती रहती है अहर्निश..लगातार। बहुत सुंदर विषय दिया है इस बार प्रीति जी ने जिस पर बहुत कुछ लिखा जा सकता है।जरुरत और चाहत के बीच यही मुख्य अंतर है कि जरुरत वह है जो हमारे जीवित रहने और जीवन चलाने के लिए अनिवार्य है जबकि चाहत हमें खुशी और विलासिता देती तो है लेकिन उसके बिना जिया जा सकता है। जरूरतें पूरी करनी ही पडती हैं पूरे प्रयत्न के साथ लेकिन चाहतें लंबा इंतजार करा सकती हैं अपने पूरे होने की अनुकूल परिस्थितियों के आने तक।
-पद्मा मिश्रा
जमशेदपुर
