मनुष्य का जीवन दो शब्दों के बीच लगातार अपनी दिशा तलाशता रहता है:- जरूरत और चाहत। दोनों एक-दूसरे के बहुत करीब दिखाई देते हैं, फिर भी इनके बीच की महीन रेखा पहचान ली जाए तो जीवन की अनेक उलझनें स्वतः कम होने लगती हैं।
जरूरत वह है जिसके अभाव में जीवन या उसका कोई आवश्यक पक्ष प्रभावित होने लगे, जबकि चाहत जीवन को अपनी पसंद के अनुसार अधिक सुंदर, सुविधाजनक अथवा विशिष्ट बनाने की इच्छा है। जरूरत अक्सर एक निश्चित बिंदु पर पूरी हो जाती है, पर चाहत का स्वभाव आगे बढ़ते रहने का है।
पढ़ने के लिए एक अच्छी पुस्तक की आवश्यकता हो सकती है, लेकिन उसका विशेष संग्रहणीय संस्करण पाने की इच्छा चाहत है। संवाद के लिए मोबाइल उपयोगी है, किंतु हर नया मॉडल आते ही अपना फोन पुराना लगने लगे, तो आवश्यकता नहीं बदली- हमारी अपेक्षा बदल गई है। यात्रा मन को विश्राम और नए अनुभव दे सकती है, लेकिन यात्रा का आनंद लेने से अधिक उसकी तस्वीरें दूसरों को दिखाने की चिंता होने लगे, तो अनुभव के साथ प्रदर्शन की चाह जुड़ गई है।
यही चाहत की विशेषता है, वह हमेशा किसी वस्तु के रूप में सामने नहीं आती।
कभी वह प्रशंसा की होती है, कभी प्रतिष्ठा की, कभी दूसरों से आगे निकलने की, तो कभी अपने महत्त्व को बार-बार प्रमाणित करने की। हमारे पास पर्याप्त होते हुए भी किसी दूसरे को देखकर अपना कम लगने लगे, तो कमी वस्तुओं में नहीं, दृष्टि में पैदा हुई है।
यह अंतर रिश्तों में और भी सूक्ष्म हो जाता है। किसी अपने का साथ और अपनापन जीवन की भावनात्मक आवश्यकता हो सकता है, किंतु वह हर समय हमारे लिए उपलब्ध रहे, हमारी प्रत्येक बात से सहमत हो और हमारे अनुसार ही निर्णय ले= यह अपेक्षा है। माता-पिता बच्चों का सुख चाहते हैं, लेकिन जब उनके सुख की परिभाषा भी स्वयं तय करने लगते हैं, तब स्नेह के साथ अपनी इच्छा भी जुड़ जाती है।
काम और उपलब्धियों में भी यही स्थिति दिखाई देती है। आगे बढ़ने की आकांक्षा मनुष्य को परिश्रम के लिए प्रेरित करती है, लेकिन यदि हर उपलब्धि अगली उपलब्धि के सामने छोटी पड़ जाए, तो सफलता आनंद देने के बजाय अंतहीन दौड़ बन जाती है। मंजिलें मिलती रहती हैं, पर मन कहीं पहुँच नहीं पाता।
चाहत स्वयं में गलत नहीं है।
बेहतर शिक्षा, सुंदर घर, नई भाषा सीखने, दुनिया देखने, पुस्तक लिखने या व्यवसाय को आगे बढ़ाने की इच्छा जीवन को गति और विस्तार देती है। मनुष्य की अनेक उपलब्धियों के पीछे कुछ बेहतर पाने की यही आकांक्षा रही है। कठिनाई तब उत्पन्न होती है जब हम प्रत्येक चाहत को आवश्यकता मानकर उसे पूरा करने का दबाव स्वयं पर डालने लगते हैं।
आज बाजार और सामाजिक परिवेश इस अंतर को और धुँधला कर देते हैं। जो वस्तु कल तक सुविधा थी, कुछ समय बाद अनिवार्य लगने लगती है। जो पहनावा हमारे लिए पर्याप्त था, किसी समारोह में दूसरे को देखकर साधारण लग सकता है। जो घर हमें प्रिय था, किसी अधिक भव्य घर को देखकर छोटा लगने लगता है। हमारे पास जो है, उसमें वास्तविक कमी आए बिना भी तुलना हमारे भीतर अभाव पैदा कर देती है।
शायद इसीलिए मनुष्य की कुछ सबसे बड़ी चाहतें खरीदी भी नहीं जा सकतीं।
किसी को पहचान चाहिए, किसी को प्रशंसा; किसी को अधिक समय चाहिए, किसी को अपनों का साथ। कोई भीड़ में अपनी उपस्थिति चाहता है तो कोई किसी एक व्यक्ति के जीवन में अपना महत्त्व। इन इच्छाओं की कोई निश्चित कीमत या सीमा नहीं होती, इसलिए इन्हें समझना भौतिक जरूरतों से कहीं अधिक कठिन है।
कई बार हम स्वयं से कहते हैं-
“मुझे इसकी जरूरत है।”
लेकिन थोड़ी देर ठहरकर विचार करें तो समझ आता है कि हमें उस वस्तु, उपलब्धि या व्यक्ति की उतनी जरूरत नहीं थी, जितनी उससे मिलने वाले किसी विशेष एहसास की- सुरक्षा, प्रतिष्ठा, सुविधा, स्वीकृति अथवा अपनत्व की।
यहीं आत्ममंथन आवश्यक हो जाता है।
हर इच्छा को दबा देना संतोष नहीं और हर इच्छा पूरी कर लेना समृद्धि नहीं। वास्तविक संतुलन यह जानने में है कि किस इच्छा को पूरा करने के लिए प्रयास करना चाहिए, किसे कुछ समय देना चाहिए और किसे सहजता से जाने देना चाहिए।
इसके लिए स्वयं से एक छोटा-सा प्रश्न पूछा जा सकता है-
“यदि यह मुझे न मिले, तो क्या मेरे जीवन का कोई आवश्यक पक्ष सचमुच प्रभावित होगा, या केवल मेरा मन कुछ समय के लिए असंतुष्ट रहेगा?”
उत्तर कई बार हमारी प्राथमिकताएँ स्पष्ट कर देता है।
जीवन की सम्पन्नता केवल इस बात से तय नहीं होती कि हमने कितना अर्जित किया, बल्कि इससे भी होती है कि हमने ‘पर्याप्त’ को कब पहचाना। क्योंकि जिसे पर्याप्त का अर्थ समझ आ गया, वह इच्छाओं से विहीन नहीं होता; वह केवल उनका स्वामी रहता है, दास नहीं।
अतः जरूरतों को सम्मान दें, चाहतों को दिशा दें और तुलना को अपने संतोष का पैमाना न बनने दें। जो आवश्यक है, उसके लिए पूरे मन से प्रयास करें; जो प्रिय है, उसका आनंद लें और जो केवल अनावश्यक बोझ बढ़ा रहा है, उसे छोड़ना भी सीखें।
क्योंकि जीवन की वास्तविक सम्पन्नता सब कुछ पा लेने में नहीं, बल्कि यह समझ लेने में है कि हमारे लिए वास्तव में क्या जरूरी है और कितना पर्याप्त।
-डॉ. प्रीति समकित सुराना
