जवान बाबा की झोंटी भैंस

जून खत्म होने को था पर बारिश के अभी कोई आसार नजर नहीं आ रहे थे। गांव में सूनी दुपहरी का सन्नाटा पसरा था। गर्मी बहुत तेज पड़ रही थी। जवान बाबा ( बाबा का नाम ही जवान था वैसे तो वह अस्सी पार कर गया था ) गर्मी से त्रस्त हुआ अपनी गुवाड़ी में नीम के नीचे चारपाई पर उनींदा सा पड़ा था। गांव की पगडंडी यहां से साफ नजर आती थी। तभी उस पगडंडी से एक मेव व्यापारी सा लगने वाला शख्स एक भैंस को लेकर आया। बाबा को देखते ही उसने राम-राम की।
” बाबा राम राम”
” राम रे भाई !भैंस कहां से लाया?”
” ऐसे ही एक सौदा किया है।” इतना कहकर वह व्यक्ति आगे बढ़ गया। बाबा को ऐसा लगा की भैंस तो बिल्कुल अपनी झोंटी भैंस जैसी ही है। फिर उसे लगा की दोपहर की नींद में ऐसे ही कुछ सपना जैसा आ गया होगा। भला ऐसे दिन – दहाड़े किसकी हिम्मत जो भैंस खोल कर ले जाए। और अपने ही विचार को झटक कर बाबा फिर सोने का प्रयास करने लगा।
अभी जवान बाबा ने आधे – पौन घंटे की ही झपकी ली थी कि पोते गोलू ने आकर जगा दिया।
” बाबा!ओ बाबा! उठो! अपनी झोंटी भैंस बाड़े में ना है।”
“तो कहां गई ?”
“मुझे क्या पता?”
” गांव में ढूंढ कर आ कहीं खूंटा तुड़ा कर चली गई हो।” गोलू और उसकी मां पूरे गांव में ढूंढ आए। शाम को जवान बाबा का बेटा कजोड़ शहर से लौटा तो वह भी सुनकर हैरान रह गया। पूरा परिवार भैंस को गांव में सब तरफ ढूंढने लगा। गांव के भी बहुत से लोगों को इधर-उधर दौड़ाया गया पर भैंस कहीं नहीं मिली। पूरा परिवार शोक में डूब गया।  80 हजार की भैंस थी। दूध भी 15 किलो से काम नहीं था और सयानी तो ऐसी की छोटा बच्चा भी दूध निकाल ले।
पूरे गांव में बात आग की तरह फैल गई की जवान बाबा की झोंटी भैंस गायब हो गई। सभी को आश्चर्य हो रहा था कि धोली दुपहरी भैंस को कौन ले गया? जमीन निकल गई या आसमान? सबसे ज्यादा गमगीन था जवान बाबा। उसे रह – रहकर वही दोपहर वाली घटना खाए जा रही थी। शाम तक तो किसी तरह चुप्पी साधे  रहा। पर जब रात को सब खाना खाकर उठे तो उसने बेटे – बहू और पोते के सामने खुलासा किया।
बाबा  बोला, ” उरे! मुझे लगे है भैंस तो वह मेव ले गया और मेरे सामने से ही ले गया। मैंने पूछी भी थी कि  रे भैंस कहां से लाया तो कहने लगा कि सौदा करके लाया हूं। वह तो दिनदहाड़े ही मेरी आंखों में धूल झोंक गया।” और फिर बाबा फूट-फूट कर रोने लगा।
इतना सुनना था कि कजोड़ और उसकी पत्नी दोनों के चेहरे तमतमा गए। उन्होंने बाबा के रोने की भी परवाह  नहीं की। वह बाबा को खरी – खोटी सुनाने लगे। ऐसे – ऐसे वचन बोले कि दुखी बाबा और दुखी हो गया। वह गहरे अवसाद में डूब गया। बीमार तो बाबा पहले ही था बुढ़ापे के सत्रह रोग लगे थे। वह यह झटका बर्दाश्त नहीं कर सका। अपराध बोध ने उसे ऐसा जकड़ा कि घटना के चार-पांच दिन बाद ही वह चल बसा।
बाबा के मरने पर बेटे – बहू को अपनी करनी पर बहुत पछतावा हुआ कि हमें बाबा को इस तरह नहीं डांटना था। पर होनी को कौन टाले और 80 हजार की भैंस यूं ही चले जाना कम बात थोड़ी थी। प्रायश्चित यूं हुआ की बाबा के फूल गंगा में प्रवाहित करने तीनों (बेटा-बहू  और पोता) ही जाएंगे।
तीए की बैठक निपट जाने के बाद तीनों रात 8:00 बजे की बस से हरिद्वार चले गए। कजोड़ के गले में बाबा के फूलों की लाल थैली थी और सारे रास्ते उसे यही एहसास रहा की बाबा भी हमारे साथ ही है। सुबह 8:00 बजे बस से उतरकर उन्होंने नित्य कर्म निपटाए ही थे की पंडे आ गए। एक पंडे ने नाम – गांव पूछा और झट अपने यजमान की पहचान कर अपने डेरे पर ले गया। यह जिस पंडे के घर पर आए उसके चौक में एक भैंस बधीं थी। भैंस देखकर तीनों ही चौंक गए। तीनों ने एक- दूसरे के चेहरों को देखा और आंखों ही आंखों में सवाल किए।
गोलू ने कजोड़ को धीमे स्वर में कहा, ” बापू यह तो अपनी वही झोंटी भैंस है। सींग  पर यह लाल रंग मैंने ही तो लगाया था। पहचान तो तीनों ही गए थे पर पंडित से कैसे पूछे? क्या कहें? यही संकट था। तभी पंडा उन्हें एक कमरे में ले गया जो पोथियों से भरा पड़ा था। उसने उनके कुटुंब, जाति, गौत्र और गांव आदि के हिसाब से उनकी पोथी निकाल ली और कार्रवाई आरंभ कर दी। इसी बीच गोलू पुनः भैंस के पास गया और खूब अच्छी तरह जांच – परख आया और इस नतीजे पर पहुंचा कि भैंस वही है। अंदर जाकर गोलू ने अपनी मां के कान में होले से कहा, ” मम्मी भैंस तो अपनी ही लगे है।”
फिर तीनों आपस में खुसर-पुसर करने लगे। पंडे को भी समझ नहीं आ रहा था कि आखिर माजरा क्या है? इनका ध्यान किधर है? जब से आए हैं तीनों आपस में ही खुसर-पुसर किये जा रहे हैं। अब तक पंडे ने पोथी में से नाम भी पकड़ लिया था।
वह बोला, ” कजोड़ जी क्या बात है?”
तभी कजोड़ की पत्नी ने कजोड़ को कोहनी मारी तो उसने हिम्मत बटोर कर कहा, ” महाराज बुरा ना मानो तो एक बात पूछूं।”
” हां हां पूछो।”
” महाराज यह भैंस आपने कब ली?”
“इसे लिए तो अभी दो-तीन दिन ही हुए हैं।
” महाराज यह भैंस तो हमारी है।”
” क्या मतलब?” पंडे ने आंखें फाड़ते हुए कहा।
और फिर कजोड़ ने सारी घटना बता दी। घटना सुनने के बाद पंडा बोला, ” ऐसी बात है तो निश्चिंत रहो भैंस तुम्हारी तुमको ही मिलेगी। बेचारा बाबा तो इसी के गम में मर गया और वैसे भी तुम तो हमारे यजमान हो। अभी मैंने उस चोट्टे को पूरे पैसे नहीं दिए हैं । उसके नंबर भी है मेरे पास। अभी फोन मिलाता हूं।” कहने के साथ ही पंडे ने अपने कुर्ते की जेब से मोबाइल निकाला और फोन करने लगा।
” हां भाई भैंस के  पैसे लेने कब आ रहे हो?”
“……….।”
“आज ही आ जाओ”
“……….।”
“ठीक है शाम तक आ जाओ।”
फिर वह कजोड़ से बोला , ” मैंने बात कर ली है। वह अभी गाड़ी में बैठेगा और शाम तक आ जाएगा। तब तक तुम लोग अपने बाबा की अस्थियों  वाला काम निपटा लो। दिन को अस्थि विसर्जन और पूजा वगैरह करवा के शाम को यही घर पर आ जाना।” कहने ‌के साथ ही उसने एक पंडित को कजोड़ के साथ भेज दिया।
शाम को जब वे सारे काम निपटाकर पंडे के घर पर पहुंचे तो पंडा उस भैंस चोर से ही उलझा हुआ था। उसने पुलिस को भी बुला लिया था। जब सब ओर से दबाव पड़ा तो चोर ने सब उगल दिया। उसने यह बात भी कबूल कर ली कि मैं इनके बाबा  के सामने से ही भैंस को लेकर निकला था।
अंततः उस चोर ने पंडे को उसके रुपए लौटा दिए । और पंडे ने भैंस की रस्सी कजोड़ को सोंपते हुए कहा,   “बाबा मरते – मर गया पर तुम्हारी भैंस तो दिला ही गया।”

-भागचंद गुर्जर
गंगापोल (जयपुर)

[post-views]

एक उत्तर छोड़ें

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।
संपर्क करें
antrashabdshakti @gmail.com
Call- 9009423393
WhatsApp-9009465259
antrashabtshakti.com

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।

संपर्क में रहिए

संपर्क करने में संकोच न करें। बस यहाँ कॉन्टैक्ट फ़ॉर्म भरें और हम जल्द से जल्द जवाब देंगे।

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x