ज़िन्दगी की ड्राफ्ट में सेव सपने

रात्रि भोजन समाप्त कर माँ रसोई समेटकर अपने कमरे में सोने चली गईं। तभी अचानक उन्हें ध्यान आया कि अगले दिन सोनल की गणित की परीक्षा है। यह सोचकर वे उसे देखने उसके कमरे में पहुँचीं।
दरवाज़ा हल्का-सा खुला था। भीतर देखा तो सोनल किताबों के बीच बैठी थी, लेकिन उसकी नज़रें गणित की कॉपी पर नहीं थीं। उसके सामने एक पुराना सफेद कपड़ा फैला था, जिस पर वह रंग-बिरंगे धागों से कुछ काढ़ रही थी।
माँ ने थोड़ा झुंझलाकर पूछा, “सोनल! इतनी रात को यह क्या कर रही हो? कल परीक्षा है, अब सो भी जाओ।”
सोनल ने मुस्कुराकर कहा, “बस माँ, थोड़ा-सा काम बाकी है।”
“क्या बना रही हो?”
“ज़िन्दगी के ड्राफ्ट में अपने सपने सेव कर रही हूं”
माँ हैरानी से उसे देखने लगीं।
सोनल ने कपड़ा उनकी ओर बढ़ाते हुए कहा, “देखिए न माँ, यह मेरी सपनों की चादर है। इसमें मैं अपने सारे सपने सहेज रही हूँ।”
उसने एक-एक कोना दिखाना शुरू किया।
“यह देखिए यहाँ मैं डॉक्टर बनी हूँ, ताकि किसी की मजबूरी इलाज के बिना न रह जाए। यहाँ आप बड़े-से घर की रसोई में काम नहीं, आराम से बैठकर चाय पी रही हैं। इस तरफ मैं गरीब बच्चों को पढ़ा रही हूँ। और यह देखिए मंच पर खड़ी एक मशहूर गायिका वह भी मैं ही हूँ।”
कुछ पल रुककर उसने आखिरी कोने की ओर इशारा किया। उसकी आवाज़ धीमी हो गई।
“और यहाँ बाबूजी अस्पताल से पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट आए हैं।”
माँ की आँखें भर आईं। उन्हें लगा, उस कपड़े पर धागों से ज़्यादा बेटी ने अपने विश्वास, संघर्ष और उम्मीदें टाँक दी हैं।
उन्होंने धीरे से पूछा, “अगर इनमें से कोई सपना पूरा न हुआ तो?”
सोनल मुस्कुराई और बोली, “तो क्या हुआ माँ? सपने कभी बेकार नहीं जाते। जो पूरे नहीं होते, वे ज़िन्दगी के ड्राफ्ट में सेव हो जाते हैं। समय आने पर फिर खोल लिए जाते हैं। जब तक साँस है, तब तक उन्हें पूरा करने की कोशिश भी तो बाकी रहती है।”
माँ ने बेटी को सीने से लगा लिया।
उस रात उन्हें पहली बार समझ आया कि ज़िन्दगी भी किसी कॉपी या मोबाइल की तरह होती है। कुछ सपने पूरे होकर जीवन का हिस्सा बन जाते हैं और कुछ ड्राफ्ट में सुरक्षित रह जाते हैं। वे मिटते नहीं, बस सही समय का इंतज़ार करते हैं।

-रीति झा

[post-views]

एक उत्तर छोड़ें

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।
संपर्क करें
antrashabdshakti @gmail.com
Call- 9009423393
WhatsApp-9009465259
antrashabtshakti.com

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।

संपर्क में रहिए

संपर्क करने में संकोच न करें। बस यहाँ कॉन्टैक्ट फ़ॉर्म भरें और हम जल्द से जल्द जवाब देंगे।

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x