ज़िन्दगी के ड्राफ्ट में सेव सपने

  कभी-कभी लगता है, मेरी ज़िन्दगी किसी ऐसे पन्ने जैसी है, जिस पर लिखते-लिखते न जाने कितनी बातें बीच में ही रह गईं। उन्हें मिटाया नहीं, बस ‘सेव’ करके आगे बढ़ती रही।

कुछ सपने मेरे अपने थे।
कुछ हमने साथ देखे थे।

कुछ बच्चों के साथ ही आए और फिर उनकी उड़ानों में कहीं दूर चले गए। उन्हें जाते देखा तो समझ आया कि माँ के सपने पूरे होकर भी उसके पास नहीं रहते। वे कहीं और अपना घर बना लेते हैं और माँ… बस उनके लौटने की आहट दिल में सँभाले रहती है।
समकित के साथ चलते-चलते कब मेरे सपने ‘मेरे’ से ‘हमारे’ हो गए, पता ही नहीं चला। जो मिला, साथ रखा। जो नहीं मिला, उसके लिए भी ज़्यादा शिकायत नहीं की। हाँ, कुछ यात्राएँ अभी भी बाकी हैं, कुछ शामें ऐसी चाहिए जिनमें कहीं पहुँचने की जल्दी न हो… बस हम हों और बीते सालों को देखकर मुस्कुरा लें।
परिवार के बीच मैंने खुद को कई हिस्सों में बाँटा है और मज़े की बात ये है कि हर हिस्सा पूरा था। किसी के लिए बेटी, किसी के लिए पत्नी, माँ, बहन, भाभी, चाची, आंटी, दीदी, दोस्त… हर रिश्ते ने मुझमें अपना एक कोना बना लिया। कुछ कोनों में आज भी खूब रोशनी है, कुछ में यादें चुपचाप बैठी हैं।
दोस्त भी तो ज़िन्दगी के वही पन्ने हैं, जिन पर हम अपना वो मन लिख देते हैं, जो दुनिया से छिपाकर रखते हैं। कुछ साथ चलते रहे, कुछ रास्ते में छूट गए, कुछ से बात कम होती है पर अपनापन वही है। अब समझ आता है कि हर दूर हुआ इंसान पराया नहीं होता और हर पास बैठा इंसान अपना नहीं होता।
इन सबके बीच मेरी कलम कब मेरी सबसे पुरानी दोस्त बन गई, पता ही नहीं चला।
जब बहुत खुश हुई, लिखा।
जब भी कोई सपना टूटा, लिखा।
या नई खुशियों ने दस्तक दी तब भी लिखा।
जो किसी से नहीं कह पाई, वो काग़ज़ जानता है।

शायद इसलिए मेरी लिखी किताबों से कहीं बड़ी वो किताब है, जो अब भी मेरे अंदर लिखी जा रही है।
मेरे सपनों में शब्द हमेशा रहे, पर सिर्फ शब्द ही नहीं। मैंने लोगों को जुड़ते हुए देखने का सपना देखा, किसी नई कलम को पहचान मिलते देख खुशी हुई, किसी के पहले प्रकाशन पर ऐसे खुश हुई जैसे मेरा अपना कुछ छपा हो। पता नहीं क्यों, दूसरों के सपनों के लिए जगह बनाते-बनाते कभी लगा ही नहीं कि मेरा समय कम हो रहा है।
अब कभी-कभी लगता है।
तब अपने अंदर झाँकती हूँ तो वहाँ अभी भी बहुत कुछ रखा मिलता है।
कुछ अनलिखा।
कुछ अनकहा।
कुछ ऐसा, जिसे अभी भी जीना है।

मैंने कितनी सुबहें काम को दीं, कितनी दोपहरें जिम्मेदारियों को, कितनी शामें अपनों को और कितनी रातें शब्दों को,.. इसका कभी हिसाब नहीं रखा। शायद रखती तो जी नहीं पाती।
हाँ, इस सबके बीच कई बार मैं खुद से मिलना भूल गई।
वो ‘मैं’, जिसे कभी यूँ ही कहीं निकल जाना था…
जिसे कुछ दिनों तक किसी की घड़ी के हिसाब से नहीं जीना था…
जिसे अपने पुराने लिखे पन्ने पढ़कर उस समय की प्रीति से फिर मिलना था…
जिसे कुछ लोगों के पास देर तक बैठना था…
और कुछ लोगों से एक बार फिर कहना था, तुम मेरे लिए बहुत मायने रखते हो।
सब नहीं कह पाई।
कुछ लोग चले गए।
कुछ समय निकल गया।
कुछ मौके फिर नहीं आए।

शायद ज़िन्दगी का सबसे बड़ा दुख यही है कि हमें बहुत-सी चीज़ों की कीमत तब समझ आती है, जब उनके लिए समय कम बचा होता है।
लेकिन मैं उदास होकर अपने अधूरेपन को नहीं देखना चाहती।
मैंने बहुत कुछ पाया भी है।
साथ चलते हुए एक पूरा जीवन। बच्चों की उड़ानें। अपनों का प्यार। दोस्तों की हँसी। अपने शब्दों की पहचान। अनगिनत लोगों का भरोसा। और वो किताबें, जिन्हें कभी सिर्फ मन में देखा था, आज हाथों में हैं।
फिर भी सपने बचे हैं।
और अच्छा है कि बचे हैं।

जिस दिन मन के पास कोई सपना नहीं होगा, शायद उस दिन उम्र सच में उम्र लगने लगेगी।
इसलिए अब जो नया सपना आता है, मैं उससे ये नहीं पूछती कि वो कब पूरा होगा। बस उसे अपने अंदर थोड़ी-सी जगह दे देती हूँ।
कौन जाने, कौन-सा सपना कल ज़िन्दगी बन जाए।
और जो न बन सके?
वो भी बेकार नहीं जाएगा।
वो मेरी आँखों की चमक में रहेगा, मेरी किसी कविता में उतर आएगा, बच्चों की किसी बात में आगे बढ़ जाएगा या किसी अपने की याद में मेरा हिस्सा बनकर रह जाएगा।
मेरी ज़िन्दगी में बहुत कुछ पूरा हुआ है, बहुत कुछ बाकी है।
और अब मुझे ‘बाकी’ शब्द से डर नहीं लगता।
क्योंकि मैं जानती हूँ,..

कुछ सपने पूरे करने के लिए होते हैं,
कुछ जीते रहने के लिए।

मैंने दोनों सँभाल रखे हैं।

कुछ मेरी ज़िन्दगी में हैं…
और कुछ अब भी ज़िन्दगी के ड्राफ्ट में ‘सेव’ हैं।

-डॉ. प्रीति समकित सुराना

[post-views]

एक उत्तर छोड़ें

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।
संपर्क करें
antrashabdshakti @gmail.com
Call- 9009423393
WhatsApp-9009465259
antrashabtshakti.com

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।

संपर्क में रहिए

संपर्क करने में संकोच न करें। बस यहाँ कॉन्टैक्ट फ़ॉर्म भरें और हम जल्द से जल्द जवाब देंगे।

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x