“जिम्मेदारियों के तले दबता प्यार या फिर… प्यार कभी खत्म नहीं होता, बस जताना छूट जाता है।”
समय के साथ इंसान की उम्र बढ़ती है, अनुभव बढ़ते हैं, जिम्मेदारियाँ बढ़ती हैं… पर न जाने क्यों, इन्हीं जिम्मेदारियों के बोझ तले पति-पत्नी का प्रेम कहीं दबता चला जाता है।
विवाह के शुरुआती दिनों में जो दो लोग एक-दूसरे के बिना एक पल भी नहीं रह पाते थे, वही कुछ वर्षों बाद एक ही घर में रहते हुए भी जैसे दो अलग-अलग दुनियाओं के यात्री बन जाते हैं। बातचीत होती है, पर घर के खर्चों की। मुलाकात होती है, पर बच्चों की पढ़ाई और जिम्मेदारियों के बीच। साथ रहते हैं, पर साथ जीना कहीं पीछे छूट जाता है।
सच तो यह हैं कि प्यार खत्म नहीं होता, प्यार को व्यक्त करना छूट जाता है।
पति दिन-रात मेहनत करके अपने प्रेम को जिम्मेदारियों के रूप में निभाता है। वह चाहता हैं कि परिवार को किसी चीज़ की कमी न रहे। दूसरी ओर पत्नी अपने प्रेम को सेवा में बदल देती है। वह घर को घर बनाती है, बच्चों का भविष्य सँवारती है, हर छोटी-बड़ी आवश्यकता का ध्यान रखती है। दोनों प्रेम करते हैं, पर दोनों अपने-अपने तरीके से। विडंबना यह हैं कि दोनों को लगता है कि दूसरा अब पहले जैसा नहीं रहा।
धीरे-धीरे एक अनकहा सन्नाटा दोनों के बीच घर करने लगता है।
याद आती है मुझे एक कहानी…
एक पति अपनी पत्नी से अक्सर कहता था, “चलो न, कहीं घूम आते हैं। कुछ देर केवल तुम और मैं साथ बैठते हैं।”
पत्नी मुस्कुराकर हर बार कह देती— “अभी कैसे? रसोई का काम है… बच्चों की परीक्षा है… उनका टिफिन बनाना है… मेहमान आने वाले हैं… अभी समय कहाँ है?”
पति भी समझ जाता। वह कभी ज़िद नहीं करता।
दिन महीनों में, महीने वर्षों में बदल गए।
बच्चे बड़े हुए, पढ़-लिखकर विदेश चले गए। एक दिन उनका फोन आया— “माँ-पापा, अब शायद हम लौटकर भारत न आ सकें। आप चाहें तो अपने बड़े घर को किसी अनाथ आश्रम को दे दीजिए। आप भी वहीं रहकर सेवा का कार्य कर सकते हैं।”
फोन रखते ही दोनों बहुत देर तक एक-दूसरे को देखते रहे। पहली बार घर इतना बड़ा और जीवन इतना खाली लगा।
उस दिन पत्नी ने धीरे से पति का हाथ पकड़कर कहा “चलो… आज कहीं घूम आते हैं। बहुत वर्षों से तुम्हारी यह इच्छा अधूरी है।”
पति मुस्कुराया और बोला— “ज़रूर… तुम तैयार होकर आ जाओ।”
पत्नी वर्षों बाद बड़े मन से तैयार हुई। उसने सोचा, आज जिम्मेदारियों से नहीं, अपने जीवनसाथी से मिलूँगी।
लेकिन जब वह कमरे में लौटी, तो देखा—पति शांत पड़ा है। इस बार वह सचमुच कहीं दूर जाने की तैयारी कर चुका था।
उसकी आत्मा इस संसार से विदा ले चुकी थी।
पत्नी उसे झकझोरकर रोती रही— “उठो… चलो न… कितने वर्षों से तुम कहते थे कि कहीं साथ चलें। आज मैं तैयार हूँ… चलो न…”
पर अब कोई उत्तर नहीं था।
वह मंदिर गई। एक दीपक जलाया। लौटकर पति के पास बैठी। उसका हाथ अपने हाथों में लिया, सहलाया और आँखें बंद कर लीं।
कहते हैं, कुछ ही समय बाद उसने भी इस संसार को अलविदा कह दिया।
पूरी जिंदगी दोनों ने संघर्ष किया। हर जिम्मेदारी पूरी की। बच्चों को योग्य बनाया। घर बनाया। धन कमाया। सम्मान पाया।
लेकिन एक-दूसरे के लिए दो पल निकालना टलता रहा।
दो मीठे बोल… एक कप चाय… शाम की एक सैर… नदी किनारे हाथों में हाथ डालकर कुछ कदम चलना… यह सब “कभी बाद में” के लिए टलता रहा।
और वह “बाद में” कभी आया ही नहीं।
यही तो जीवन की सबसे बड़ी विडंबना है।
हम सोचते हैं—पहले यह जिम्मेदारी पूरी हो जाए, फिर जी लेंगे। फिर बच्चों की पढ़ाई, फिर उनकी शादी, फिर घर, फिर व्यवसाय, फिर पोते-पोतियाँ…
लेकिन जिम्मेदारियाँ कभी समाप्त नहीं होतीं। एक पूरी होती है तो दूसरी सामने खड़ी मिल जाती है।
यदि हम जीवन को केवल भविष्य के लिए टालते रहे, तो एक दिन भविष्य तो आएगा, पर शायद हमारे साथ वह व्यक्ति नहीं होगा जिसके साथ हमने भविष्य के सपने देखे थे।
धन, मकान, गाड़ियाँ, बैंक बैलेंस—सब यहीं रह जाते हैं। अंत तक साथ रहती हैं तो केवल वे यादें, जब किसी ने प्रेम से हाथ थामा हो, बिना किसी कारण मुस्कुराकर देखा हो, या यह कहा हो—
“तुम हो, इसलिए मेरा जीवन सुंदर है।”
इसलिए गृहस्थी बसाइए, बच्चों को योग्य बनाइए, समाज और परिवार के प्रति अपने सभी कर्तव्य निभाइए—पर उस व्यक्ति को कभी मत भूलिए जिसने जीवन की हर धूप और हर छाँव में आपका साथ दिया।
पति-पत्नी का रिश्ता केवल एक सामाजिक बंधन नहीं, बल्कि जीवन की सबसे लंबी साझेदारी है। इसे जीवित रखने के लिए बड़े उपहारों की नहीं, छोटे-छोटे पलों की आवश्यकता होती है।
रोज़ नहीं तो कभी-कभी साथ बैठिए।
एक-दूसरे की आँखों में देखकर मुस्कुराइए।
बिना किसी कारण एक-दूसरे का हाथ थाम लीजिए।
साल में एक-दो दिन केवल एक-दूसरे के लिए निकालिए।
मन की बातें कहिए।
और सबसे ज़रूरी—अपने प्रेम का इज़हार करने में देर मत कीजिए।
याद रखिए, बच्चे अपने सपनों का आकाश बना लेंगे। संसार अपनी गति से चलता रहेगा। अंत में यदि कोई सबसे अधिक साथ रहेगा, तो वह आपका जीवनसाथी ही होगा।
ऐसा न हो कि जब उसके लिए समय निकले, तब समय ही हाथ से निकल चुका हो।
प्रेम को जिम्मेदारियों का शिकार मत बनने दीजिए।
क्योंकि संतुष्ट जीवन करोड़ों रुपये से नहीं, बल्कि उस एक व्यक्ति के साथ बिताए गए प्रेमपूर्ण क्षणों से बनता है, जो हर परिस्थिति में आपके साथ खड़ा रहा।
आइए, आज ही अपने जीवनसाथी से कहें—
“काम तो चलता रहेगा… लेकिन तुम्हारा साथ मेरे लिए सबसे अनमोल है।”
“रिश्ते साँसों से नहीं,
एहसासों से जिया करते हैं,
जो प्रेम समय पर कह दिया जाए,
वही जीवन भर दिया करता है।”
-मंजू लोढ़ा
