कल कल बहती जीवन धारा
यह जीवन एक पहेली है।
सुख-दुख की एक सहेली है।
सुख में ज्यादा मत इतराना।
दुख में धीरज को अपनाना।
मौसम भी बदलते रहते हैं।
जीवनधारा संग बहते हैं।
पतझड़ का मौसम आते ही
पेड़ों के पत्ते झड़ जाते।।
पतझड़ के जाते ही वृक्षों पर
नए पात फिर खिल जाते।
जो आया है वह जाएगा।
जो जाएगा फिर जन्मेगा।
जन्म- मरण तो शाश्वत है,
तो इनसे क्यों फिर घबराना?
जो चुनौतियों से घबराया,
जीवन का युद्ध वही हारा।
यह शाश्वत सत्य है जीवन का
कलकल बहती जीवन धारा।
नदिया से ही तू सीख जरा,
जो कल कल बहती रहती है।
यदि एक मार्ग अवरुद्ध मिले
तो राह दूसरी चुनती है।
बाधा से नहीं घबराती है।
आगे ही बढ़ती जाती है।
नदिया की तरह तू बढ़ता चल।
प्रतिमान नये नित गढ़ता चल।
यदि एक रास्ता बंद मिले
तो दूजी राह बना कर चल।
न समझ तू किस्मत का मारा।
क्यों विपदा में हिम्मत हारा?
किस्मत तो तेरी मुट्ठी में
कहती है नदिया की धारा।
यह शाश्वत सत्य है जीवन का
कलकल बहती जीवन धारा।
-राधा गोयल,
विकासपुरी (दिल्ली)
