मन के सकोरे को पूरा भरने की कोशिश में
चैन गंवाया नींद गंवाई,
अपने खोए अपनापन खोया,
मुखौटे पहन पहन जीता रहा,
अपना किरदार तक भूल गया,
एक ऐसे रस्ते पर दौड़ने लगा, जिसकी कोई मंजिल ही नहीं थी
सभी दिशाओं में अनेक शाखाएं , अनेक प्रलोभन, अनेक विषमताएं,
दौलत कमाई, कुछ नाम भी कमाया,
गाड़ी बंगला, ऐशो आराम,
फिर भी सूरज का भेदभाव अखरता है,
अपनी जीवनदायिनी किरणें, मुझे तक आने ही नहीं देता
गलत मैं भी हूं
ना जाने कितने समय से सूरज को देखा तक नहीं,
रात के अंधेरों में छद्म रौशनी में मेरा जीवन जागता है,
मीटिंग मीटिंग और अनेक लुभावने वादे
आज जब एकांत में खुद को आइने में देखा,
मन का सकोरा अब भी रीता था,
उम्र प्यार एहसास अपनापन करूणा सब बूंद बूंद रिस गया,
बाहर अनेक गुलाब लगायें, फूलों को लहलहाते देखा,
पर मेरे भीतर बबूल का एक जंगल उग आया,
हर रिश्ते में औपचारिक,
नपी तुली मुस्कान सीमित शब्द,
खाली हथेलियों को देख सोच रहा हूं जो भीतर खिले वहीं असली फूल है,
नाहक मैं बागबान बनने चला था,
मेरे असली फूल तो मेरा परिवार है,
मन का सकोरा कभी भरता नहीं है
उसे थामना पड़ता है
-नमिता दुबे ‘मिशा’
