तप करना क्या है और क्या इसकी परिभाषा है,
किसी चाह का पूरा होना,यही मनुज की आशा है,
या मनुष्य की महात्वाकांक्षा ओं का कोई विकल्प,
तप के लिए लेना क्या जरुरी ,पूरा हो जो वो संकल्प,
कठिन साधना के लिए वानप्रस्थ क्या एक ही उपाय,
कर्मप्रधान होकर पाना सत की राह भी तो पर्याय,
मन में तमस जो भरा हुआ है,उसे उजास मिटाकर भर,
ज्ञान चक्षु खोल जो देखे वो ही समझे प्रति उत्तर,
नारी जीवन भी एक तप है,मूक हो सर्वधर्म करती,
पिता,पति,पुत्र की होकर,जीवन अधीन स्वप्न गढ़ती,
सीता,सती,सावित्री,अनसूया,अहिल्या ने तप का प्रतिफल पाया,
एक लिया संकल्प और ईश्वर भी सम्मुख झुक आया,
अग्निपरीक्षा देकर भी सीता ने रामवियोग पाया
भूमि शयन कर राजमहल में राम ने कर्तव्य यूँ निभाया,
सती से ब्याहे शिव जी लेकिन मिलन उधार हुआ
तप से पुन:जन्म ले पार्वती का
अगला जनम करार हुआ
सावित्री ने सती तप के मनोबल से पति प्राण यम से पाए,
अनुसूया की लेने परीक्षा तीन देव बालक कहलाए,
अहिल्या ने पत्थर बन,पति श्राप को अंगीकार किया,
त्रेतायुग में राम के पग से निष्प्राण शिला उद्धार किया,
ये सब तप के मानक हैं,जो कर्माधार कर्तव्य हुए,
मानवता को सार्थक करते तप के परिभाषित अर्थ हुए।
-किरण मोर
कटनी (म.प्र.)
