तप केवल वन में बैठना नहीं,
मन को निर्मल करना है।
अंतर के अंधकार मिटाकर,
ज्ञान दीप को धरना है।
इच्छाओं पर विजय पाना,
धैर्य की राह चलना है।
सुख-दुःख में समभाव रखकर,
जीवन को ही तपना है।
क्रोध, अहंकार, लोभ मिटाकर,
प्रेम का दीप जलाना है।
अपने भीतर छिपे प्रभु को,
तप से ही पहचानना है।
कठिन राह में जो मुस्काए,
वही तपस्वी कहलाता है।
सच्चे तप की अग्नि में ही,
मानव कुंदन बन जाता है।
-डॉ संगीता बिंदल
