तुम और मैं
दोनों प्रकृति के रूप,
तुम विचारों से
शायद वृहत थी
शाख पल्लव से अच्छादित ‘वन’,
जन-जन को
प्राण संजीवन प्रवाहित करती,
पखेरुओं का कलरव
उन्हें अपने कांधे बिठा सुनती,
उधर मैं
मगन रहा
सीमित भूभाग पर
बन ‘उपवन’,
अपरिमित चहुँदिशी
महक का साम्राज्य फैलाए.
कुछ दायित्व
तुम पूरा करती रही,
मैं भी
कर्तव्यनिष्ठ बना रहा,
फिर भी
हमारे बीच
यह दूरी
यह भेद क्यों पता नहीं,
आकलन इसका
सम्भव भी नहीं,
कुछ रस्में तुम निभाती रही,
कुछ व्यवहार मैं निभाता रहा.
तुम
जंगल बन
साधनारत रही,
मैं
उपवन बन
धरा महकाता रहा।
-प्रदीप कुमार अरोरा
