आँगन के एक कोने में वह देर तक खड़ी रही।
. कभी इसी जगह तुलसी का चौरा हुआ करता था। सुबह की पूजा, दीपक की लौ और तुलसी की पत्तियों की खुशबू से पूरा घर जैसे जीवित हो उठता था। फिर धीरे-धीरे घर में लोग तो रहे, पर अपनापन कहीं चला गया।
उसे अपना वह पुराना संदूक याद आया, जिसमें उसने बरसों से अपनी छोटी-छोटी इच्छाएँ बचाकर रखी थीं। कभी साड़ी नहीं खरीदी, कभी मायके जाने का मन रोक लिया, कभी बच्चों की जरूरत के आगे अपनी दवा तक टाल दी।
एक बार बेटे की कॉलेज की फीस भरने के लिए पैसे कम पड़ गए थे।
उसने संदूक खोला। एक कपड़े में लिपटी उसकी शादी की चाँदी की पायल रखी थी-माँ ने विदा होते समय कहा था,
“बेटी, इसे संभालकर रखना… बुरे वक्त में काम आएगी।”
उसने पायल हथेली पर रखी। कुछ देर तक उँगलियों से सहलाती रही। फिर अगले ही दिन सुनार की दुकान पर जाकर पायल बेच दी।
फीस भरते समय बेटे ने खुश होकर कहा था-
“माँ, मेरा साल बच गया।”
उसने बस उसके सिर पर हाथ रख दिया था।
किसी ने यह नहीं पूछा कि उसका क्या बचा?
वक्त गुजरता गया। बेटा अपनी दुनिया में आगे बढ़ गया। माँ की हथेलियों की लकीरों में त्याग की एक और रेखा जुड़ती गई।
और आज…
उसी सूने आँगन में वह तुलसी का एक नन्हा बिरवा लेकर खड़ी थी।
बगल में खड़ी बेटी ने पूछा,
“माँ, यहाँ फिर तुलसी क्यों लगा रही हो?”
उसने मिट्टी कुरेदते हुए कहा-
“क्योंकि सूने आँगन को हमेशा सूना नहीं छोड़ा जाता।”
“लेकिन माँ… अगर यह भी सूख गई तो?”
उसने बिरवे की जड़ों पर मिट्टी चढ़ाई और बहुत धीमे से बोली-
“तो फिर एक और रोप दूँगी।”
बेटी माँ को देखती रही।
उसने पहली बार समझा-
कुछ लोग रिश्तों को अपने हिस्से की खुशियाँ देकर सींचते हैं, फिर भी जब वही रिश्ते सूख जाते हैं, तो वे शिकायत नहीं करते… बस एक नया बिरवा रोप देते हैं।
माँ ने तुलसी के पास दीपक जलाया।
आज वह किसी के लौटने की प्रतीक्षा में दीपक नहीं जला रही थी।
आज वह अपने भीतर फिर से जीने की शुरुआत कर रही थी।
-डॉ प्रीति समकित सुराना
