बाहरी बंधन
भले ही हों कितने भी
आकाश मन का
नित्य बड़ा होता जाता है
साथ हों किसी के
या बैठे हों अकेले भी
ये मन बाहर निकल
अपनी उड़ान भर आता है
किसी के रोके
रुका ना कभी भी कहीं
ये मन ही तो है
जो तोड़ कर सारे पहरे
तन को भी बाहर घुमा लाता है
आशाएँ हैं तो
जियेगा हर खुशी मन
बनायेगा नयी राहें
झूमेगा प्रकृति का कण-कण
दिख रहे जो बंधन
नहीं कुछ भी ये तो
टूट जायेंगे उस पल
उड़ान भरने को उठे कदमों संग
उड़ चलेगा निर्बाध तेरा-मेरा मन!
-डॉ. भारती वर्मा बौड़ाई
