दुश्मनों का अजी छोड़िए, दोस्तों का भरोसा नहीं।
कोई ऐसा कदम ना गया, जिसपे पाया हो धोका नहीं।
ऐ सितारे जरा गौर कर, चांद तो तेरा सरदार है,
किस लिए आज तक फिर तेरी, रौशनी में इजाफा नहीं।
उम्र के साथ ही साथ में, एक विश्वास भी बढ़ गया,
सिर्फ अपने ही तन के सिवा, और कोई सहारा नहीं।
सिर्फ टूटी है मेरी खड्ग, हाथ मेरे सलामत अभी,
जीत की यूं खुशी मत मना, मैं अभी जंग हारा नहीं।
आप टिंगडी फसाने की ही, सिर्फ करते रहे कोशिशें,
वो उछल कर निकल जाएगा, आप ने ये तो सोचा नहीं।
कुछ गलत देखता हूं अगर, टोंक देता हूं मैं आदतन,
लोग मुझसे खफा हैं कि क्यों, मूंदकर आंख चलता नहीं।
हमसफ़र हम जुबां आप ही, आप ही बन चुके जिन्दगी,
आप को पा लिया शेष अब, दिल की कोई तमन्ना नहीं।
-समीर द्विवेदी ‘नितान्त’
कन्नौज (उत्तर प्रदेश)
