नवरात्रि के शुभ दिन आए,चलो सब हम मैया को मनायें,
सातवां दिन माता कालरात्रि का, जीवन का अंधेरा दूर भगायें।।
चंदन, कुमकुम ,तिलक लगाकर,हलवा पूरी भोग लगाएं,
सीप सुनहरी गोटा साजे,ऐसी चूनर हम पहनाएं।।
धूप दीप से करें आरती,पुष्प हार से उन्हें समायें,
काम क्रोध मद लोभ हटा दे,ऐसी प्रार्थना हरदम गायें।।
चंड मुंड को है संहारे,महिषासुर मर्दिनी कहलाए,
मनोकामना पूरी करती,सबके कष्टों को हर जाए।।
शैलपुत्री,ब्रह्मचारिणी,चंद्रघंटा भी कहलाए,
सिंह पीठ पर करें सवारी,अपने भक्तों के घर आए।।
कूष्मांडा, स्कंद माता,कात्यायनी भी वो कहलाए,
सबके दुख को हरती माता,मैया का यह रूप कहाये।।
माँ कालरात्रि की महिमा और,महत्व को भी खूब बताएं,
मैया का पूजन अर्चन कर,अपना जीवन सफल बनाएं।
मैया मेरी महागौरी,सिद्धिदात्री भी कहलाये,
शक्ति की पूजा करके ही,चलो हम सब मैया को मनायें।।
-साधना छिरोल्या
दमोह (मध्यप्रदेश)
