नाव में बची हुई नदी

अतीत
मेरी कविताओं में
एक पुरानी नाव की
तरह तैरता रहता है।

डूबता नहीं कभी
हालांकि उसके दोनों
किनारे
बरसों पहले मिट्टी की
तरह
धीरे-धीरे बह गए थे।

उस नाव में
एक दोपहर अब भी
रखी है –
चप्पू बनकर।

उसे चलाने वाला हाथ
किसी पुराने एलबम की
धुंध में भी
अब दिखाई नहीं देता।

माँ की आवाज़
उसकी तली में ठहरा
थोड़ा-सा पानी है।
मैं जब उसमें
झुककर देखता हूं
अपना बचपन
भीगे पाँव लिए
मुझे ही देखता
मिलता है।

गांव की पगडंडी
उस नाव की रस्सी थी।
गाँठ बहुत पहले खुल गई
पर अजीब बात है –
कुछ रिश्ते खुलकर भी
छूटते नहीं।
नाव आज भी
उसी अदृश्य खूंटे के
चारों ओर
धीरे-धीरे चक्कर
लगाती रहती है।

जो लोग चले गए
वे कहीं गए नहीं।
चुपचाप बैठे हैं
उसी नाव में।
जैसे नदी पार नहीं
करनी
बस एक स्मृति का
किनारा
धीरे से छू लेना हो।

मेरी कविताएं
नदी नहीं हैं शायद।
वे वह पानी हैं
जो इस बूढ़ी नाव को
अबतक डूबने नहीं देता।

मैं जब भी
कोई नया शब्द लिखता हूं
किसी पुराने दिन की
एक लहर उठती है
और कागज़ पर
थोड़ा-सा पानी छोड़
जाती है।

मैं भविष्य के बारे में
सोचता हूं
तो नाव के कोने में रखा
एक भूला हुआ चिराग
बिना बात
धीरे-धीरे जल उठता है –
जैसे उम्मीद को
रास्ता नहीं,
सिर्फ़ एक लौ चाहिए।

तब समझ में आता है –
यात्राएँ हमेशा
आगे नहीं जातीं।

कुछ यात्राएं
पीछे लौटकर ही
पूरा करती हैं अपना
सफ़र।

अतीत
मेरी कविताओं में
नाव की तरह
तैरता रहता है

और कविता –
उस नदी की तरह
जो कहीं जाती हुई
दिखाई नहीं देती,
फिर भी
अपने जल में
हर बिछड़न
हर आवाज़
हर घर
हर लौटना
चुपचाप
उलीचती रहती है।

– राकेश करण

[post-views]

एक उत्तर छोड़ें

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।
संपर्क करें
antrashabdshakti @gmail.com
Call- 9009423393
WhatsApp-9009465259
antrashabtshakti.com

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।

संपर्क में रहिए

संपर्क करने में संकोच न करें। बस यहाँ कॉन्टैक्ट फ़ॉर्म भरें और हम जल्द से जल्द जवाब देंगे।

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x