नैव की चिड़ियाँ

नैव की चिड़ियाँ, सावन की सुनाती बात,
कच्ची छत की ओट में चहकें, भीगी-भीगी रात।
माटी की सौंधी गंध में, बीता बचपन सारा,
दादी की गोदी में बसता, मेवाड़ हमारा प्यारा।

टप-टप बूँदें बोल रही थीं, छत कोई गीत सुनाती,
आँगन की तुलसी महक-महककर, मन में हरियाली लाती।
नैव कभी न अपने लिए, धरती पर आती है,
अपने मधुर कलरव से जैसे, जीवन-धुन गाती है।

बेटी भी तो नैव-सी, चुपचाप प्रेम बरसाती,
माँ की ममता ओढ़कर, बाबुल का मान बढ़ाती।
दादी के काँपते हाथों को, हँसकर थामने वाली,
सूने आँगन में फूल खिलाती, वह नन्ही चिड़िया प्यारी।

पायल की रुनझुन से, देहरी गीत सुनाती,
भाई की हर छोटी इच्छा, हँसकर पूरी कर जाती।
बाबुल की थकती आँखों में, सपनों के दीप जलाती,
दो कुलों की धरती को, स्नेह-सुधा से नहलाती।

फिर एक दिवस पंखों को, परदेस की राह बुलाती,
मंगलगीतों के बीच चिरैया, पीहर छोड़ चली जाती।
आँखों में सावन उतर आता, अधरों पर मुस्कान,
डोली के संग जैसे चलता, बाबुल का सारा जहान।

उसी समय घनघोर घटाएँ, नभ को चीर बरसतीं,
कच्ची छत की ओट में नैव की चिड़ियाँ चहकतीं।
दादी आकाश निहारती, भीगता मन का कोना,
“आज नैव नहीं चहकी रे, यह बेटी के बिछुड़ने का रोना।”

बरसों बाद वही चिरैया, फिर पीहर लौटकर आती,
गोदी में अपनी नन्ही बेटी, सावन की फुहार निहारती।
नन्ही हथेली आगे करके, बूँदों को पकड़ने लगती,
“माँ, ये कैसी चिड़ियाँ हैं?”—कहकर, हँसती और मचलती।

माँ कहती—“ये नैव की चिड़ियाँ, प्रेम की पावन रीत,
जहाँ-जहाँ बेटी जाती है, वहाँ-वहाँ बसती प्रीत।
नैव जैसे नभ में उड़कर, अपना बसेरा बनाती,
बेटी भी दो कुलों के आँगन में, स्नेह-सुगंध बरसाती।

माटी से ममता तक का, यही जीवन का अर्थ,
बेटी बनकर आती है जो, वह बन जाती प्रेम-पार्थ।”

पीढ़ी-दर-पीढ़ी बहती, यह कथा अमर रह जाएगी,
मेवाड़ की माटी में बेटी की खुशबू महकती जाएगी।
कच्ची छत की ओट में, लोक-स्मृति मुस्काएगी,
नैव की हर चहचहाहट में, एक बेटी गीत सुनाएगी।

नैव की चिड़ियाँ, सावन की सुनाती बात।

-नीलचित्रा व्यास (चित्रलेखा व्यास)
 उदयपुर (राजस्थान)

[post-views]

एक उत्तर छोड़ें

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।
संपर्क करें
antrashabdshakti @gmail.com
Call- 9009423393
WhatsApp-9009465259
antrashabtshakti.com

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

अन्तरा शब्दशक्ति – हिन्दी साहित्य, प्रकाशन और रचनाकारों के सशक्तिकरण का राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच।

संपर्क में रहिए

संपर्क करने में संकोच न करें। बस यहाँ कॉन्टैक्ट फ़ॉर्म भरें और हम जल्द से जल्द जवाब देंगे।

Copyright © 2026 Antra Shabd Shakti. All Rights Reserved. Powered by WebCoodee

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x